Lok Sabha Election Result 2019: आज न्यू इंडिया के नए एजेंडे का एलान करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी
अपार बहुमत से फिर से सरकार बनाने की तरफ बढ़ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई सरकार के एजेंडा का एलान करने में कोई देरी नहीं करने वाले हैं।
नई दिल्ली, जयप्रकाश रंजन। अपार बहुमत से फिर से सरकार बनाने की तरफ बढ़ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई सरकार के एजेंडा का एलान करने में कोई देरी नहीं करने वाले हैं। गुरुवार को देर शाम को ही नई दिल्ली स्थित भाजपा पार्टी मुख्यालय में अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी नई राजग सरकार की भावी कार्यक्रम की दिशा भी दिखाएंगे। जिस तरह से उत्तर प्रदेश चुनाव में विजय हासिल करने के दिन ही उन्होंने वर्ष 2022 तक न्यू इंडिया का एजेंडा रखा था, उसी तर्ज पर आम चुनाव में विजय हासिल करने के बाद इस एजेंडे को किस तरह से हासिल किया जाए, इसकी रूपरेखा वह पेश करेंगे।
भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समेत अन्य वरिष्ठ मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। पार्टी के नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा है। पिछले पांच वर्षों में देखा गया है कि हर बड़े चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद पीएम मोदी अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हैं। इस आम चुनाव के बाद उनके इस पहले अभिभाषण पर उद्योग जगत के साथ ही विदेशी सरकारों की भी नजर रहेगी।
देश की अर्थव्यवस्था की बेहतरी और कारोबारी माहौल सुधारने के लिए अपनी सरकार के भावी एजेंडे को मोदी पेश कर सकते हैं। आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न देशभर में किस तरह से मनाया जाए, इसका भी संकेत वह दे सकते हैं। वर्ष 2017 में यूपी चुनाव में जीत हासिल करने के बाद उन्होंने वर्ष 2022 तक न्यू इंडिया बनाने का ऐलान किया था। इसके तहत देश के हर परिवार को 24 घंटे बिजली, पक्का मकान, बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने की व्यवस्था करनी है। इस एजेंडे पर उनकी सरकार का अगले पांच वर्षों तक खास ध्यान रहेगा।
उधर, आम चुनावों के रुझान आते ही विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों में भी कामकाज को लेकर सरगर्मियां शुरू हो गई हैं, क्योंकि सभी प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों के आला अधिकारियों को पहले से ही यह निर्देश था कि नई सरकार के आते ही कामकाज की शुरुआत हो जानी चाहिए। चुनाव परिणाम आने से पहले ही वित्त मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, ऊर्जा मंत्रालय जैसे प्रमुख मंत्रालयों ने सरकार के पहले सौ दिनों और छह महीने का एजेंडा तैयार कर लिया है।
सूत्रों की मानें तो इन एजेंडा प्रपत्रों पर आज से ही पीएमओ के आला अधिकारियों से विमर्श का दौर भी शुरू हो जाएगा, ताकि नई सरकार के सत्ता में आने के दिन से ही इन पर अमल का काम शुरू हो जाए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप