Move to Jagran APP

Lok Sabha Election: छठे चरण की उल्टी गिनती शुरू, मनोहर लाल, महबूबा समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर; 58 लोकसभा सीटों पर होगा मतदान

आठ राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश की 58 लोकसभा सीटों पर मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यहां 25 मई को यानी शनिवार को वोट डाल जाएंगे। इनमें दिल्ली और हरियाणा की सभी सीटें शामिल हैं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट के लिए भी इसी चरण में मतदान होगा। दिल्ली में इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Published: Fri, 24 May 2024 06:00 AM (IST)Updated: Fri, 24 May 2024 06:00 AM (IST)
छठे चरण की उल्टी गिनती शुरू, मनोहर लाल, महबूबा समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश में चल रहे लोकतंत्र के महापर्व में एक बार फिर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का समय आ गया है। लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए चुनाव प्रचार गुरुवार को थम गया। इसके साथ ही आठ राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश की 58 लोकसभा सीटों पर मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यहां 25 मई को यानी शनिवार को वोट डाल जाएंगे।

छठे चरण में दिल्ली और हरियाणा की सभी सीटें शामिल हैं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट के लिए भी इसी चरण में मतदान होगा। इस सीट पर वैसे तो तीसरे चरण में ही चुनाव मतदान होना था, लेकिन खराब मौसम चलते इसे छठे चरण के लिए आगे बढ़ा दिया गया था।

दिग्गज चेहरों की किस्मत दांव पर लगी

सात चरणों के लोकसभा चुनाव में छठे चरण में जिन चर्चित और दिग्गज चेहरों की किस्मत दांव पर लगी है, उनमें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल (करनाल संसदीय क्षेत्र से), जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती (अनंतनाग-राजौरी), केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान (ओडिशा के संबलपुर से), केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और अभिनेता राज बब्बर (गुरुग्राम), केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर(फरीदाबाद), पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी (सुल्तानपुर), मनोज तिवारी और कन्हैया कुमार (उत्तर पूर्वी दिल्ली), नवीन जिंदल (कुरुक्षेत्र) आदि शामिल हैं।

इस चरण में लोकसभा की जिन 58 सीटों पर मतदान होगा, 2019 में उनमें से 40 सीटों पर भाजपा और राजग ने जीत दर्ज की थी। इनमें दिल्ली की सभी सात व हरियाणा की सभी 10 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इस लिहाज से छठा चरण सत्ता पक्ष व विपक्ष दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। हालांकि इस बार दोनों ही राज्यों में स्थितियां थोड़ी बदली हुई हैं।

आप पार्टी और कांग्रेस एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रही

\दिल्ली में इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। 2019 में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। वहीं हरियाणा में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा की सहयोगी पार्टी जननायक जनता पार्टी उनसे अलग हो गई है। राज्य की कमान भी अब मनोहर लाल की जगह नायब ¨सह सैनी के हाथ में है।

गौरतलब है कि लोकसभा के अब तक हो चुके पांच चरणों के चुनाव में औसतन 65.96 प्रतिशत मतदान हुआ है। इनमें सबसे कम 62.2 प्रतिशत मतदान पांचवें चरण में हुआ है, वहीं सबसे अधिक 69.16 प्रतिशत मतदान चौथे चरण में हुआ है। पहले चरण में 66.14 प्रतिशत, दूसरे चरण में 66.71 प्रतिशत व तीसरे चरण में 65.68 प्रतिशत मतदान हुआ है। अंतिम और सातवें चरण का मतदान एक जून को होगा।

छठे चरण में 889 प्रत्याशी मैदान में, सबसे अधिक 223 हरियाणा में

लोकसभा के छठे चरण के चुनाव में कुल 889 प्रत्याशी मैदान में है। इनमें सबसे अधिक 223 प्रत्याशी हरियाणा के हैं, जबकि सबसे कम 20 प्रत्याशी जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से मैदान में हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर कुल 162 प्रत्याशी, बिहार की आठ सीटों पर 86 प्रत्याशी, दिल्ली की सात सीटों पर 162, बंगाल की आठ सीटों के लिए 79, झारखंड की चार सीटों के लिए 93 और ओडिशा की छह सीटों के लिए 64 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि इन 58 सीटों पर कुल 1978 लोगों ने नामांकन किया था, जिसमें से सिर्फ नौ सौ लोगों के ही नामांकन वैध पाए गए थे। बाद में इनमें से भी नाम वापस लेने के बाद अब कुल 889 प्रत्याशी ही मैदान में रहे गए हैं।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.