यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chunavi किस्सा: 'मैं बंबइया गुंडा हूं, अच्छे-अच्छों को पानी पिलाता हूं', बिहार में जब जॉर्ज फर्नांडिस ने कही थी ये बात
Lok Sabha Election 2024 जॉर्ज फर्नांडिस ने बिहार के बांका लोकसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ा लेकिन दोनों ही ...और पढ़ें

जेएनएन, जमुई। मैं वह बंबइया गुंडा हूं, जो अच्छे-अच्छों गुंडों को पानी पिलाता है। प्रसिद्ध समाजवादी नेता व भूतपूर्व रक्षा मंत्री जार्ज फर्नांडिस ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए सिमुलतला राष्ट्रीय पुस्तकालय के प्रांगण में सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही थीं। वयोवृद्ध लालबहादुर सिंह, अमर सिंह, निरंजन सिंह, आजाद सिंह व अरुण सिंह आदि कहते हैं कि उन्हें जॉर्ज साहब के फौलादी भाषण का एक-एक शब्द आज भी याद है।
उपचुनाव में उतरे थे जॉर्ज फर्नांडिस
बांका के तत्कालीन सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर सिंह के 1986 में निधन के बाद यहां उपचुनाव हुआ था। तब जॉर्ज फर्नांडिस भी बांका से चुनाव लड़े थे। सभा में जॉर्ज को कार्यकर्ताओं ने यह जानकारी दी थी कि गुंडे झोले में बम लेकर आते हैं। आपराधिक प्रवृत्ति के लोग मतदान केंद्रों पर कब्जा कर अपनी पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में वोट डलवा देते थे।
चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
दो बार चुनाव लड़े मगर जीत न मिली
कार्यकर्ताओं की इस बात पर तब जॉर्ज ने कहा था कि अपराधियों के सामने झुकने की आवश्यकता नहीं है। अगर गुंडे झोले में बम लेकर आएं तो आपलोग उसका जबाब पत्थर से दें। जिस झोले में गुंडे बम रखते हैं, उस झोले में ही तुम निशाना साध पत्थर मार दो, गुंडे की मौत गुंडे की तरह ही हो जाएगी। जार्ज ने दो-दो बार बांका लोकसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ा, लेकिन हार गए थे।
