Move to Jagran APP

'इस उम्र में इनको भी जेल जाना शायद लिखा है' सीएम चम्पाई सोरेन को लेकर बाबूलाल मरांडी ने क्यों कही ये बात?

Babulal Marandi Interview झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भ्रष्टाचार के मामले में प्रदेश सरकार और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर ईडी परेशान कर रही है तो कल्पना और सीएम चम्पाई सोरेन को बताना चाहिए कि नोटों का पहाड़ कहां से आया है। उन्होंने कहा कि पहले भ्रष्टाचार करते हैं पकड़ जाने पर कहते हैं फंसा दिया। पढ़ें इंटरव्यू के प्रमुख अंश...

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Published: Thu, 23 May 2024 09:32 AM (IST)Updated: Thu, 23 May 2024 09:32 AM (IST)
लोकसभा चुनाव 2024: झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी। (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, रांची। झारखंड में भाजपा के प्रचार के केंद्र में भ्रष्टाचार है। पार्टी ने प्रदेश में लोकसभा की सभी 14 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से लेकर दल के प्रमुख स्टार प्रचारकों ने चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है।

राज्य में भाजपा का दारोमदार प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर है। लोकसभा चुनाव आरंभ होने के छह माह पूर्व ही वे राज्य का चप्पा-चप्पा छान चुके हैं। चुनावी दौरे में उनकी काफी व्यस्तता है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दैनिक जागरण के राज्य ब्यूरो प्रमुख प्रदीप सिंह से चुनावी अभियान समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की।

यह भी पढ़ें: स्वाति मालीवाल केस में AAP को घेरा, बेरोजगारी और परिवारवाद पर क्या बोलीं बांसुरी स्वराज? पढ़िए पूरा इंटरव्यू

सवाल: चौथे और पांचवे चरण का हो चुका है। भाजपा के लिए आप यहां कैसी स्थिति देख रहे हैं?

जवाब: देखिए, चौथे और पांचवें चरण में जिन सीटों पर मतदान हुआ, वह सीटें 2019 में भी हमारे पास ही थीं। इनमें केवल सिंहभूम की सीट जो हमारे पास नहीं थी, वह भी एक तरह से चुनाव के समय पार्टी में आ गई। अभी तक बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से जो जानकारी प्राप्त हो रही है, उसमें हम कह सकते हैं कि जिन सात सीटों पर चुनाव हो चुका है, वह सभी सात सीटें हम जीतेंगे।

विधानसभा का उपचुनाव जो गांडेय में हुआ है, वह भी भाजपा के पक्ष में है। छठे चरण की गिरिडीह, रांची, जमशेदपुर, धनबाद सीटों में सभी सीटें पहले से ही हमारी जीती हुई सीटें है। सातवें चरण की जो एक राजमहल सीट जेएमएम के पास है, वहां भी हमारी पूरी तैयारी है।

सवाल: कुछ स्थानों पर भाजपा प्रत्याशियों के विरुद्ध दल में ही असंतोष है। ऐसी परिस्थिति पार्टी के लिए कितनी चिंताजनक है?

जवाब: देखिए, यह हमारी पार्टी का अंदरूनी मामला है। पार्टी इसको ठीक करती है। हमारी ही नहीं, सभी पार्टियों में ऐसा होता है। इसे ठीक करने की दिशा में काम हो रहा है।

सवाल: किन मुद्दों पर आपका फोकस है। राष्ट्रीय मुद्दे भी बहुत हैं। प्रांत के स्थानीय मुद्दे कितना प्रभाव डाल रहे हैं?

जवाब: आपने देखा होगा कि देश के प्रधानमंत्री की पांच सभाएं राज्य में हो चुकी है। पांच सभाओं में उन्होंने उन्ही मुद्दों को उठाया है, जो सीधे लोगों पर प्रभाव डाल रहे हैं।

गरीबों और गांवों से जुड़े हुए मामले उन्होंने उठाए हैं। चाहे वह राशन का मामला हो, करप्शन का मामला हो, डेवलपमेंट का मामला हो, इन चीजों को उन्होंने लिया है, जो संविधान को बदलने का कुप्रचार विपक्ष की ओर से हो रहा है, उस पर उन्होंने खुलकर प्रहार किया है। कांग्रेस और विपक्ष की नीतियों पर प्रहार किया है। आम लोगों से जुड़ी बातें रखी।

सवाल: विपक्ष का प्रचार इस बात पर केंद्रित है कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर उन्हें प्रताड़ित कर रही है

जवाब: इसका कोई इंपैक्ट (प्रभाव) है नहीं धरातल पर। पांच साल से ये लोग सत्ता में हैं। लोग भ्रष्टाचार से तबाह रहे। सरकारी दफ्तरों में चौतरफा लूट जारी रही। कहीं बालू, कहीं पत्थर, कहीं कोयला तो ये सब कोई देख रहे हैं। जमीन को बिचौलिया फर्जी कागजात बनाकर लूट रहे हैं। ईडी अगर परेशान करती तो नोट का पहाड़ कैसे मिलता।

विधायक सीपी सिंह ने विधानसभा में रांची के डीसी छवि रंजन के बारे में कहा था कि हथियार का लाइसेंस बनाने में तीन लाख रुपये लिए जाते हैं, लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की, जो पैसा अधिकारी वसूलते हैं, उसमें बड़ा हिस्सा मंत्री को जाता है, मुख्यमंत्री को जाता है, तभी तो वे चुप रहे।

सवाल: जब चम्पाई सोरेन मुख्यमंत्री बने तो भाजपा ने कहा कि ये हेमंत सोरेन पार्ट-दो ना बन जाए। अभी आप कैसी स्थिति पाते हैं?

जवाब: देखिए, ईडी ने आलमगीर आलम के सचिव और उनके नौकर के घर में छापा मारा। उसमें नोटों के बंडल में टेंडर में कमीशन और ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े कागज मिले। ईडी ने मुख्य सचिव को कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा था। हमने भी चम्पाई सोरेन जी को पत्र लिखा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लगता है कि इस उम्र में इनको भी जेल जाना ही शायद लिखा है। कल इसका जवाब उन्हें देना पड़ेगा। फिर ये नहीं कह सकते हैं कि हमको तो फंसा दिया।

सवाल: संताल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ का मामला भी भाजपा उठाती रही है। इसका कितना प्रभाव है।

जवाब: भाजपा आरंभ से यह मुद्दा उठाती रही है। पीएम के आर्थिक सलाहकार की जो रिपोर्ट आई है, वह अलार्मिंग है। इस क्षेत्र में हिंदुओं की आबादी घटी और मुस्लिमों की जनसंख्या बेतहाशा बढ़ी। बड़े पैमाने पर घुसपैठ व मतांतरण हुआ है। यह पूरे देश के लिए चिंता का विषय है।

यह भी पढ़ें: हरियाणा और पंजाब में पीएम मोदी, दिल्ली में राहुल गांधी की जनसभा; यूपी में अमित शाह संभालेंगे मोर्चा


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.