गर्मी की वजह से न छूटे एक भी मतदाता, ज्यादा से ज्यादा हो मतदान; चुनाव आयोग ने किया खास इंतजाम
Lok Sabha Election 2024 लोकतंत्र के महापर्व पर हर मतदाता की भागेदारी अहम है। गर्मी की वजह से कोई मतदाता मतदान करने से न छूटे इस पर चुनाव आयोग का भी फोकस है। आयोग मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान की खातिर प्रेरित कर रहा है। कई जागरूकता अभियान भी आयोग चला रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करने में जुटे हैं।
जेएनएन, भोपाल। 19 अप्रैल को मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। गर्मी के बीच निर्वाचन आयोग मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित कर रहा है। उधर, सभी दलों की रणनीति भी यह है कि ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को घरों से बाहर निकाला जाए ताकि मतदान में इजाफा हो सके।
पिछले साल मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 77.15 फीसदी मतदान हुआ था। अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को विधानसभा चुनाव से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य दिया है। शहरी क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा मॉडल बूथ बनाने का निर्देश भी दिया गया है।
इन सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान
- सीधी
- शहडोल
- मंडला
- बालाघाट
- जबलपुर
- छिंदवाड़ा
यह भी पढ़ें: क्या यहां से चुनाव लड़ेंगी हरसिमरत कौर बादल? अभी कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित नहीं; बगावत का खतरा
निर्वाचन आयोग की तैयारी
- मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश। इसमें सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों की सहभागिता होगी।
- शहरी क्षेत्रों में 'दस्तक अभियान' चलाएगा चुनाव आयोग, इसमें घर-घर जाकर बीएलओ मतदाताओं को प्रेरित करेंगे।
- औसत से कम मतदान वाले 26 जिलों की 75 विधानसभा क्षेत्रों को चुनाव आयोग ने किया चिह्नित, यहां विशेष अभियान चलाया जा रहा।
- 85 साल से अधिक के बुजुर्ग व 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगों को घर पर मतदान की सुविधा मिलेगी।
- मतदान केंद्रों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था होगी।
सियासी दलों ने भी बनाई रणनीति
सभी दलों का अधिक से अधिक मतदान पर फोकस है। कांग्रेस बूथ स्तरीय समितियों के जरिए मतदाताओं तक पहुंच रही है। ये समितियां कांग्रेस के न्याय पत्र को मतदाताओं तक पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित भी कर रही हैं। उधर, भाजपा भी अधिक से अधिक मतदान पर जोर दे रही है। पार्टी ने बूछ संपर्क अभियान चलाया है। इस बीच पार्टी कार्यकर्ता संकल्प पत्र भी जनता तक पहुंचा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में कांग्रेस का नहीं सुलझा टिकटों का विवाद, इन सीटों पर फंसा पेंच; बैठक में नहीं पहुंचे सुरजेवाला और सैलजा