Priyanka Gandhi Vadra का पीएम मोदी पर हमला, कहा- देश को शहंशाह नहीं लोकतंत्र चाहिए
Priyanka Gandhi Vadra - अमेठी पहुंची कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को शहंशाह की नहीं लोकतंत्र की जरूरत है।
अमेठी, जेएनएन। Priyanka Gandhi Vadra - लोकसभा चुनाव 2019 पांचवें चरण के चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है, लिहाजा आज सभी दलों के नेता एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। पांचवे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रियंका गांधी अमेठी में जोर लगा रही हैं। अमेठी पहुंची कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश को शहंशाह की नहीं लोकतंत्र की जरूरत है।
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि अमेठी में गलत प्रचार किया जा रहा है, यहां पर पैसे बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं यहां के प्रधानों को लिफाफे में घोषणा पत्र भेज रही हूं और जो भाजपा के प्रत्याशी हैं वो 20 हजार रुपये डालकर दे रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि ये हंसी की बात है कि वो सोच रहे हैं कि अमेठी का प्रधान 20 हजार रुपये में बिक जाएगा।
लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ दूसरी बार चुनाव लड़ रहीं स्मृति ईरानी पर भी प्रियंका ने निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि स्मृति अमेठी में नाटक कर रही हैं। वह अब-तक सिर्फ 16 बार ही अमेठी आयी हैं, जबकि राहुल गांधी उन से दोगुनी बार यहा पर आये है। उन्होंने कहा कि स्मृति जूते बांटकर अमेठी के लोगों का अपमान कर रही हैं।
वहीं, प्रियंका गांधी से पहले उनके भाई राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। दिल्ली में प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है। उन्होंने पीएम पर आरोप लगाते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया है। देश पूछ रहा है कि मोदी जी आपने जो 2 करोड़ रोजगार का वादा किया था, उसका क्या हुआ?' इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी नौकरियों या किसानों पर एक शब्द नहीं बोलते, क्योंकि उनके पास इन प्रमुख मुद्दों पर बात करने के लिए कुछ नहीं है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप