Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 Phase-4 : चौथे चरण में 64 फीसद हुआ मतदान, बाबुल सुप्रीयो के खिलाफ FIR

Lok Sabha Elections 2019 phase 4 voting Live Updates चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से भाजपा उम्‍मीदवार बाबुल सुप्रीयो के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।

By Tilak RajEdited By: Published: Mon, 29 Apr 2019 07:06 AM (IST)Updated: Mon, 29 Apr 2019 08:23 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase-4 : चौथे चरण में 64 फीसद हुआ मतदान, बाबुल सुप्रीयो के खिलाफ FIR
Lok Sabha Election 2019 Phase-4 : चौथे चरण में 64 फीसद हुआ मतदान, बाबुल सुप्रीयो के खिलाफ FIR

नई दिल्‍ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए आज 9 राज्यों की 72 संसदीय सीटों पर वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार, चौथे चरण में 64 फीसदी मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्‍यादा 66.46 फीसद मतदान हुआ है। महाराष्ट्र की 17, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की आठ, मध्य प्रदेश और ओडिशा की 6-6, बिहार की 5 और झारखंड की 3 सीटों पर मतदान हुआ। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट पर भी मतदान हुआ। अनंतनाग सीट पर तीन चरणों में मतदान कराया जा रहा है।

loksabha election banner

Live Updates...

जानिए- किस राज्य में कितना पड़ा वोट
बिहार-53.67%
जम्मू-कश्मीर-9.79%
मध्य प्रदेश- 65.86%
महाराष्ट्र- 51.06%
ओडिसा- 64.05%
राजस्थान- 62.86%
उत्तर प्रदेश-53.12%
पश्चिम बंगाल-76.47%
झारखंड-63.40%

6:15 PM: सन्नी देओल और बॉबी देओल ने मुंबई के विले पार्ले में वोट डाला।

18:02 PM: लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए मतदान का समय समाप्‍त हो गया है। आज 9 राज्यों की 72 सीटों पर मतदान हुआ।

17:52 PM: सन्‍नी देआले के राजनीतिक समझ को लेकर विपक्षी सवाल उठा रहे हैं। ऐसे लोगों को दिग्‍गज कलाकार धर्मेंद्र ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। मुंबई में उन्‍होंने कहा कि हम राजनीति की एबीसीडी भी नहीं जानते, लेकिन देशभक्ति हमारे खून में है। उन्‍होंने कहा कि मैंने बीकानेर में जितना काम लोगों के लिए किया है, उसे वहां जाकर देखा जा सकता है। ऐसे ही सन्‍नी देओल भी देश की सेवा करेगा।

17:31 PM: चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल के आसनसोल से भाजपा उम्‍मीदवार बाबुल सुप्रीयो के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया है। बाबुल सुप्रियो पर कथिततौर पर बूथ नंबर 199 में घुसपैठ करने और पोलिंग ऑफिसर व अन्‍य अधिकारियों को धमकी देने का आरोप है।

17:22 PM: लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए 9 राज्यों की 72 सीटों पर दोपहर 5 बजे तक 50.6 फीसद मतदान हो चुका है। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्‍यादा 66.46 फीसद मतदान हुआ है।

17:05 PM: दिग्‍गज अभिनेता सुरेश ओबेराय और उनके बेटे विवेक ओबेराय ने मुंबई में जुहू स्थित गांधीग्राम स्‍कूल में बने पोलिंग बूथ में मतदान किया।

16:55 PM: बॉलीवुड स्‍टार शाहरुख खान अपनी पत्‍नी गौरी खान के साथ बांद्रा स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचे। शाहरुख को देखकर वहां अफरा-तफरी जैसा माहौल हो गया। हालांकि, वह बिना किसी से मुखातिब हुए वोट डालकर रवाना हो गए।

16:40 PM: बीजू जनता दल (बीजेडी) ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेडी का आरोप है कि भाजपा ने ओडिशा में बूथ कैप्‍चरिंग की है। भाजपा ने जयपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरी विधानसभा क्षेत्र के 12 बूथ मतदान के दौरान  कैप्‍चर किए।

16:21 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली के दौरान कहा कि तृणमूल के 40 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। इस पर पलटवार करते हुए डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि एक्‍सपायरी बाबू पीएम, आपके साथ कोई नीं जाएगा। यहां तक कि एक काउंसलर भी आपके साथ जाने के लिए तैयार नहीं होगा। आप चुनाव प्रचार कर रहे हैं या खरीद-फरोख्‍त? आपकी एक्‍सपायरी डेट नजदीक आ गई है। आज हम चुनाव आयोग से आपकी शिकायत करने जा रहे हैं कि आप नेताओं की खरीद-फरोख्‍त कर रहे हैं। 

16:01 PM: लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए 9 राज्यों की 72 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 49.53 फीसद मतदान हो चुका है। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्‍यादा 66.01 फीसद मतदान हुआ है।

15:45 PM: भाजपा नेता हरीश खुराना ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविदं केजरीवाल की पत्‍नी सुनीता केजरीवाल के खिलाफ दिल्‍ली की तीस हजारी अदालत में शिकायत दर्ज की है। खुराना का आरोप है कि सुनीता के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं। एक वोटर कार्ड साहिबाबाद और दूसरा चांदनी चौक से है। बता दें कि कुछ ऐसी ही शिकायत कांग्रेस ने पिछले दिनों भाजपा प्रत्‍याशी गौतम गंभीर के खिलाफ दर्ज कराई थी।

15:30 PM: बिहार के पटना साहिब संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्‍मीदवार शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने नामांकन दाखिल किया। पिछले दिनों भाजपा को छोड़ उन्‍होंने कांग्रेस का हाथ थामा है।

15:15 PM: पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ समाजवादी पार्टी-बीएसपी गठबंधन ने अपना उम्‍मीदवार बदल दिया है। समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व घोषित प्रत्‍याशी शालिनी यादव की बजाए बीएसएफ के बर्खास्त जवान तेज बहादुर यादव ने पर्चा दाखिल किया है। पार्टी ने स्‍पष्‍ट किया कि तेज बहादुर यादव ही पीएम मोदी के खिलाफ उनके प्रत्‍याशी होंगे और शालिनी यादव बाद में अपना नामांकन वापस लेंगी।

14:43 PM: टीएमसी ने चुनाव आयोग को पत्र लिख केंद्रीय सुरक्षा बलों ने डुबराजपुर के एक पोलिंग बूथ में फायरिंग की। साथ ही ये भी आरोप लगाया कि सुरक्षा बल मतदाताओं को डरा रहे हैं। उन पर भाजपा को वोट देने के लिए दबाव डाल रहे हैं।

14:15 PM:  लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए 9 राज्यों की 72 सीटों पर दोपहर 2 बजे तक 38.63 फीसद मतदान हो चुका है। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्‍यादा 52.37 फीसद मतदान हुआ है।

13:55 PM: पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर सामाजिक मुद्दों को लेकर काफी जागरूक रहते हैं। उन्‍होंने पत्नी अंजलि तेंडुलकर, बेटी सारा तेंडुलकर और बेटे अर्जुन तेंडुलकर के साथ बांद्रा के पोलिंग बूथ संख्या 203 में मतदान किया।

13:42 PM: मुंबई के बांद्रा स्थित पोलिंग बूथ नंबर 283 पर बॉलीवुड स्‍टार सलमान खान ने अपने म‍ताधिकार का प्रयोग किया। यहां सलमान के फैन्‍स की भी कमी नहीं थी। सलमान ने यहां किसी से बात नहीं की और मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना ही चले गए।

13:22 PM: बॉलीवुड के दिग्‍गज कलाकार अमिताभ बच्‍चन ने पत्‍नी जया बच्‍चन और बेटे-बहू अभिषेक बच्‍चन व ऐश्‍वर्या राय बच्‍चन के साथ जुहू स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया है। वहीं, एक्‍ट्रेस करीना कपूर ने भी अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल किया।

13:10 PM: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए दोपहर 12 बजे तक 72 सीटों पर 23.48 फीसद मतदान हो चुका है। आज 9 राज्‍यों में मतदान रहा है। पश्चिम बंगाल में इस चरण में भी बंपर वोटिंग हो रही है। यहां 12 बजे तक 35.10 फीसद मतदान हो चुका है।

12:53 PM: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई के मालाबार हिल में मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव अब सुनामी में बदल गया है। उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम, मोदी लहर पूरे देश में फैल गई है। पीएम मोदी आज देश के सबसे बड़े नेता हैं। वहीं, मथुरा से भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी हेमा मालिनी ने बेटी इशा और अहाना देओल के साथ विले पार्ले में वोटिंग की।

12:33 PM: शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी पत्‍नी रश्मि और बेटे आदित्‍य के साथ महाराष्‍ट्र में मुंबई के गांधी नगर स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया। मुंबई नॉर्थ सीट से भाजपा की प्रत्‍याशी पूनम महाजन भी इस दौरान उनके साथ नजर आईं।

12:15 PM: मुंबई में फिल्ममेकर मधुर भंडारकर और उनकी पत्नी रेनू नामबूदिरी ने बांद्रा के पोलिंग बूथ संख्या 167 पर मतदान किया। वहीं, शबाना आजमी और जावेद अख्‍तर ने भी मुंबई में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे पहले माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, कंगना रानौत और प्रियंका चौपड़ा जैसे सितारों ने वोट डाला।

11:59 AM: महाराष्‍ट्र की 17 लोकसभा सीटों पर हो रहे लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 11 बजे तक 18.39 फीसद मत डाले जा चुके हैं। मुंबई में कई बॉलीवुड स्‍टार्स ने आज मतदान किया।

11:48 AM: बॉलीवुड एक्‍ट्रेस कंगना रनौत ने मुंबई के खार स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया। महाराष्ट्र की 17 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। बॉलीवुड स्‍टार्स के बीच मतदान को लेकर खासा उत्‍साह देखा जाता है। स्‍टार्स को देखकर आम मतदाता भी मतदान के लिए प्रेरित होते हैं।

11:36 AM: अभिनेता से नेता बने सन्‍नी देओल ने नामांकन दाखिल कर दिया है। भाजपा ने पंजाब के गुरदासपुर से सन्‍नी देओल को चुनाव मैदान में उतारा है। इस दौरान भाई बॉबी देओल भी उनके साथ नजर आए।

11:26 AM: मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्‍याशी प्रिया दत्‍त ने बांद्रा स्थित पोलिंग बूथ में मतदान किया। प्रिया का मुकाबला मुंबई नॉर्थ में भाजपा उम्‍मीदवार पूनम महाजन के साथ हो रहा है।

11:16 AM: बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर 11 बजे तक 17.7 फीसद मतदान हुआ है। वहीं, झारखंड में 11 बजे तक 29.21% हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में फिर बंपर वोटिंग हो रही है। 11 बजे तक यहां 34.71 फीसद वोटिंग हुई है।

11:04 AM: झारखंड की 3 सीटों पर 11 बजे तक 21 फीसद मतदान हुआ है। पद्मश्री अशोक भगत ने झारखंड के लोहरदगा में बिशुनपुर बूथ पर मतदान किया। 

10:44 AM: मुंबई के कई सितारे मतदान करने पहुंच रहे हैं। जूहू में पोलिंग बूथ नंबर 235-240 पर वरिष्‍ठ कलाकार अनुपम खेर वोट डालने पहुंचे। वहीं, विले पार्ले स्थित पोलिंग बूथ पर एक्‍ट्रेस सोनाली बेंद्रे और भाग्‍यश्री ने मतदान किया।

10:34 AM: पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान जारी हिंसा की घटनाओं के मुद्दे को भाजपा नेताओं मुख्‍तार अब्‍बास नकवी, विजय गोयल और अनिल बलूनी ने चुनाव आयोग के सामने उठाया है। आज भी पश्चिम बंगाल में टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसे काबू करने के लिए सुरक्षाबलों को बल प्रयोग करना पड़ा।

10:24 AM: झारखंड के पलामू लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत जागोडिह एरिया के बूथ नंबर 249 में पहली बार मतदान कराया जा रहा है। यह एरिया नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आता है। यहां सुरक्षा के कड़े बंदोबश्त किए गए हैं।

10:16 AM: फिल्म स्टार आमिर खान और उनकी पत्नी किरण राव ने मुंबई के बांद्रा में मताधिकार का प्रयोग किया।

10:07 AM: केंद्रपाडा, ओडिशा से भाजपा प्रत्याशी जय पांडा ने केंद्रपाडा लोकसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 38 का दौरा किया। कहा- आज हमने चुनाव अधिकारियों से संबंधित 14-15 शिकायतें दर्ज कराई हैं।

09:10 AM: नौ बजे तक नौ राज्यों के लोकसभा चुनाव में कुल 10.27 फीसद मतदान हुआ।

08:45 AMलोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए हो रहे मतदान में सुबह 9 बजे तक महाराष्‍ट्र में 6.82%, मध्‍य प्रदेश में 11.11%, ओडिशा में 9% और पश्चिम बंगाल में 16.90 फीसद वोटिंग हुई है।

08:39 AMपश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ संख्या 199 में टीएमसी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान टीएमसी कार्यकर्ता काफी गुस्‍से में नजर आए।

08:25 AMमुंबई में एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने तारदेव स्थित पोलिंग बूथ संख्‍या 31 पर मतदान किया। महाराष्‍ट्र में आज 17 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।

08:15 AMपश्चिम बंगाल में आसनसोल से भाजपा उम्‍मीदवार बाबुल सुप्रीयो की कार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। टीएमसी पोलिंग एजेंट ने बताया कि यहां भाजपा को कोई पोलिंग एजेंट मौजूद नहीं है। इसके बाद भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प शुरू हो गई। हालात को काबू करने के लिए सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज करना पड़ा।

08:55 AMराजस्‍थान में मतदाताओं के बीच काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। यहां सुबह 9 बजे तक 13.10 फीसद मतदान हो चुका है। यहां लोकसभा की 13 सीटों पर मतदान हो रहा है।

08:44 AMबॉलीवुड एक्‍ट्रेस और मुंबई नॉर्थ से कांग्रेस उम्‍मीदवार उर्मिला मातोंडकर ने बांद्रा स्थित पोलिंग बूथ नंबर 190 पर अपना मतदान किया।

08:39 AMमहाराष्ट्र में मुंबई के मलाड़ वेस्ट में पोलिंग बूथ नंबर 162 में EVM खराब होने की सूचना मिल रही है। यहां इवीएम में खराबी की वजह से मतदान प्रक्रिया रुकी हुई है। मतदाता अधिकारियों का कहना है कि जल्‍द ही यहां मतदान शुरू हो गया।

08:33 AMलोकसभा चुनाव 2019 का चौथा चरण के लिए कई दिग्‍गज अभी तक मतदान कर चुके हैं। मध्य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के शिकारपुर में पोलिंग बूथ नंबर 17 पर मतदान किया।

08:41 AMपश्चिम बंगाल के जेमुआ के पोलिंग बूथ नंबर 222 और 226 पर ग्रामीणों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के न होने के कारण मतदान का बहिष्कार किया। मतदाताओं के विरोध के कारण वहां मतदान रोक दिया गया है।

08:31 AMबिहार के बेगूसराय से सीपीआइ के उम्‍मीदवार कन्‍हैया कुमार भी शहर के एक पोलिंग पर बूथ पर अपना वोड डालने पहुंचे। यहां उनके सामने भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह मैदान में हैं। दोनों बीच कड़ी टक्‍कर की संभावना जताई जा रही है।

08:25 AMभाजपा के मौजूदा सांसद परेश रावल और उनकी पत्‍नी स्‍वरूप संपत ने मुंबई के विला पार्ले स्थित एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वहीं दिग्‍गज अदाकारा शुभा खोटे ने जूहू स्थित एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।

08:15 AM: समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कन्नौज के कई पोलिंग बूथों पर इवीएम में गड़बड़ी की शिकायत चुनाव आयोग की है। पार्टी ने बताया कि कन्नौज लोकसभा की बिधूना विधानसभा में बूथ संख्या-63 में ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित है। वहीं, कन्नौज लोकसभा की सदर कन्नौज विधानसभा में बूथ संख्या-250, 251 में भी इवीएम खराब होने से मतदान बाधित हो रहा है।

08:03 AM: मुंबई में सीनियर सिटिजन के बीच भी मतदान को लेकर काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। ये लोग युवा मतदाताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहे हैं, जो मतदान को सिर्फ एक छुट्टी को दिन मानते हैं। 

07:55 AM: फिल्‍म अभिनेता और उत्‍तर प्रदेश की गोरखपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्‍याशी रवि किशन ने गोरेगांव स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया।

07:50 AM: रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत डास ने मुंबई के पेडर रोड स्थित पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। इससे पहले वह आम मतदाताओं के साथ लाइन में लगे हुए नजर आए।

07:41 AM: बॉलीवुड की दिग्‍गज अदाकारा रेखा ऐसे लोगों में शुमार हैं, जो सुबह जल्‍दी वोट करती हैं। इस बार भी उन्‍होंने सुबह जल्‍द पहुंचकर बांद्रा के पोलिंग बूथ नंबर 283 पर अपना वोट डाला। हालांकि, इसके बाद मीडिया के किसी सवाल का उन्‍होंने जवाब नहीं दिया।

07:31 AM: महाराष्‍ट्र की मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से भाजपा उम्‍मीदवार पूनम महाजन ने वर्ली के बूथ नंबर 48 से वोट किया। पूनम के सामने सुनील दत्‍त की पुत्री प्रिया दत्‍त चुनाव मैदान में हैं। इन दोनों के बीच दिलचस्‍प जंग देखने को मिल रही है।

07:21 AM: राजस्‍थान की पूर्व मुख्‍यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने झालावार में पोलिंग बूथ नंबर 33 पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्‍होंने अपनी पार्टी की जीत के दावे किए।

07:18 AM: मुंबई के कफ परेड स्थित जीडी सोमानी स्‍कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर 216 से उद्योगपति अनिल अंबानी ने वोट डाला। वोट डालने के बाद वह मीडिया से भी मुखातिब हुए और उन्‍होंने स्‍याही लगी अंगुली दिखाकर लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।

07:10 AM: बिहार की बेगूसराय सीट से चुनाव मैदान में उतरे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपना वोट डाल दिया है। इस बार उनके सामने कन्‍हैया कुमार मैदान में हैं।

07:05 AM: लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। आज 9 राज्यों की 72 संसदीय सीटों पर मतदान हो रहा है। कई दिग्‍गजों की साख आज दांव पर लगी हुई है।

06:55 AM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से अपने मत का प्रयोग करने का आग्रह किया है। उन्‍होंने ट्वीट किया कि आज एक ओर लोकसभा चुनाव के चरण के लिए वोटिंग होने जा रही है। मुझे यकीन है कि ज्‍यादा से ज्‍यादा संख्‍या के लोग वोट करेंगे और पिछले तीनों चरणों के रिकॉर्ड टूट जाएंगे। युवा वोटरों से विशेष आग्रह है कि वे अपने मत का जरूर प्रयोग करें। 

लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सुभाष भामरे, एस एस आहलूवालिया और बाबुल सुप्रियो के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्रियों सलमान खुर्शीद और अधीर रंजन चौधरी सहित 961 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। सीपीआई के कन्हैया कुमार, बीजेपी के बैजयंत पांडा, कांग्रेस की उर्मिला मातोंडकर, समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव, तृणमूल कांग्रेस की शताब्दी रॉय और कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा सहित कई अन्य उम्मीदवार भी चौथे चरण में चुनाव लड़ रहे नामी चेहरों में शामिल हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.