कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू की रैली में लगे मोदी-मोदी के नारे, केस दर्ज
Lok Sabha Election 2019 कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू की देवास रैली में मोदी-मोदी नारे लगाने वालों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
देवास, एएनआइ। Lok Sabha Election 2019, कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू की देवास रैली में मोदी-मोदी के नारे लगाने वालों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसकी जानकारी देवास के एसपी एएस राठौर ने दी है। गौरतलब है कि सिद्धू लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इन दिनों मध्यप्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र में शुक्रवार को रोड शो की। इस दौरान कुछ लोग मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। सिद्धू जब मंच से लोगों को संबोधित कर रहे थे तो भी नारेबाजी हुई।
AS Rathore,City SP,Dewas, MP on group of people raising Modi slogans at NS Sidhu's Dewas rally: Case registered, investigation on. We'll take action according to evidence. It was an event by Congress party, it's a matter of investigation as to which party those people belonged to pic.twitter.com/oOJcV8rWGS
— ANI (@ANI) May 11, 2019
राठौर ने बताया कि ' हमने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच जारी है। हम सबूतों के आधार पर कार्रवाई करेंगे। यह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम था। जांच का विषय यह है की मोदी-मोदी के नारा लगाने वाले लोग किस पार्टी से हैं।'
सिद्धू के मंच से जैसे ही चौकीदार चोर है के नारे लगने लगे तो वहां मौजूद कुछ लोग पीछे से मोदी-मोदी चिल्लाने लगे। इसके बाद गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर रहे लोगों पर कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी और उन्हें दौड़ा लिया। इसके बाद नारा लगाने वाले लोग वहां से भाग गए। सिद्धू अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी पर खूब बरसे। उन्होंने पीएम मोदी पर राफेल को लेकर भी निशाना साधा। हालांकि, सभा में भीड़ काफी कम थी। पीछे कुर्सियां खाली थीं।
दिग्विजय सिंह के रोड शो में भी लगे थे नारे
बता दें कि यह पहला ऐसा अवसर नहीं है जब कांग्रेस की रैली में मोदी- मोदी के नारे लगे हो। इससे पहले भोपाल से कांग्रेस उम्मीदवार और वरीष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के रोड शो में भी मोदी-मोदी के नारे लगे थे। पुलिस ने इस मामले में नारेबाजी करने वाले लोगों को वीडियो के जरिए चिह्नित कर उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज की थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप