Lok Sabha Election 2019: पहली बार कांग्रेस से ज्यादा सीटों पर लड़ रही है भाजपा
Lok Sabha Election 2019 भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 437 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। यह पहला मौका है जब पार्टी इतनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 2014 में 427 सीटों लड़ी थी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। Lok Sabha Election 2019, भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 437 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। यह पहला मौका है जब पार्टी इतनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। संभवत: पहली बार पार्टी ने अपनी मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं।
2014 के चुनाव में भाजपा ने 427 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 282 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। कांग्रेस ने 450 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे लेकिन मात्र 44 सीटें ही जीत पाई थी। राजनीतिक प्रेक्षकों का कहना है कि भाजपा का ज्यादा सीटों पर प्रत्याशी उतारने का कारण 2014 के बाद देश भर में हुआ इसका विस्तार है। पार्टी का आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गठबंधन नहीं है और वहां इसने सभी सीटों पर अपने दम पर प्रत्याशी उतारे हैं।
इसी तरह कांग्रेस ने इस बार भाजपा के मुकाबले कम सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं क्योंकि 2014 के मुकाबले इसका कई पार्टियों के साथ गठबंधन है। कर्नाटक में पार्टी 2014 में सभी सीटों पर चुनाव लड़ी थी लेकिन इसबार उसका जदएस के साथ गठबंधन है। पार्टी ने बिहार में कई दलों के साथ गठबंधन किया है।