लोकसभा चुनाव 2019: निजी क्षेत्र में भी आरक्षण देगी LJP, जानिए घोषणा पत्र की प्रमुख बातें
लोकसभा चुनाव को लेकर लोजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसमें निजी क्षेत्र में भी आरक्षण देने तथा काम के अधिकार को मूल अधिकार बनाने की बातें शामिल हैं।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव को लेकर रविवार को पटना में केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सुप्रीमो राम विलास पासवान ने अपनी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। घोषणा पत्र के अनुसार सरकार में आने पर लोजपा निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण की व्यवस्था करेगी।
चुनावी घोषणा पत्र जानरी करते समय राम विलास पासवान ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सभी 40 सीटों पर जीत तय है। अगली बार प्रधानमंत्री फिर से नरेंद्र मोदी ही बनेंगे। पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने वादे पूरे किए हैं। वे देश से भ्रष्टाचार को खत्म करने में लगे हैं।
घोषणा पत्र के मुख्य बिंदु, एक नजर
लोजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में लोक-लुभावन वादों की बौछार की है। उसने कहा है कि वह काम के अधिकार को मूल अधिकार बनाएगी। एससी-एसटी और उच्च जातियों के सवर्णों के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के उद्योगों में आरक्षण की व्यवस्था का भी प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा काम के अधिकार को संविधान के मौलिक अधिकार में जोड़ा जाएगा।
पार्टी के घोषणा पत्र में कहा गया है कि गौ रक्षा के नाम पर हिंसा करने वालों के खिलाफ 30 दिनों के अंदर चार्जशीट खादिख की सजा दिलाई जाएगी। मॉब लिंचिंग के मामले में (भीड़ हत्या) दोषी लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांप्रदायिकता फैलाने में सहायक भड़काऊ भाषण देने या आलेख लिखने, सांप्रदायिक दंगे करने व कराने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी। दंगों की जांच के लिए स्थाई ट्रिब्यूनल का गठन भी किया जाएगा।
शिक्षा के अधिकार को आठवीं से सेकेंडरी स्तर तक निःशुल्क और अनिवार्य किया जाएगा। हर प्रखंड और जिला में दलित छात्र-छात्राओं के लिए मुफ्त आवासीय विद्यालय व महाविद्यालय खोले जाएंगे।
उपरोक्त के अलावा लाोजपा ने विस्थापितों को पुनर्वास, अल्पसंख्यकों के विकास, न्यायिक सेवा में भी आरक्षण, संसद व विधानसभा में महिलाओ को 33 फीसद आरक्षण के भी वादे किए गए हैं। घोषणापत्र के अनुसार सभी भूमितहीनों को 12 डिसिमल जमीन दिया जाएगा। गर्भवती माताओं के लिए स्वास्थ्य कार्ड का भी प्रावधान किया गया है।
देश में राजग की लहर, बिहार में मिलेंगी सभी 40 सीटें
इस अवसर पर राम विलास पासवान ने कहा कि पूरे देश में राजग की लहर है। देश में राजग को 350 से अधिक सीटें मिलनी तय हैं। साथ ही बिहार की सभी 40 सीटें राजग के खाते में जाएंगी। लोकसभा चुनाव में महागठबंधन कोई चुनौती ही नहीं है।
गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
राम विलास पासवान ने सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर में शौचालय का वादा किया था, जो पूरा हुआ। सरकार ने घर-घर में बिजली का वादा भी पूरा किया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबाें का इलाज हो रहा है।
पासवान ने कहा कि पांच सालों से गरीबों को सस्ते दर पर अनाज मिल रहा है। बिहार में 100 में 86 गरीबों को सस्ते दर पर अनाज दिया जा रहा है। साथ ही 1.58 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को अब हर साल छह हजार रुपये दिए जाएंगे।