Election 2019 : जो पिता और चाचा का न हुआ वो बुआ का क्या होगा : केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस की बैसाखी बनेगी सपा और बसपा।
फर्रुखाबाद, जेएनएन। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार दोपहर क्रिश्चयन कालेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि कांग्रेस का हाथ देशद्रोहियों के साथ है। कांग्रेस के घोषणा पत्र ने उसका चेहरा उजागर कर दिया है, वह आतंकवादियों का मनोबल बढ़ाने का काम कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने 23 मई यानि सपा-बसपा गई कहते हुए गठबंधन पर भी चुटकी ली। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से विपक्षी पार्टियां परेशान होकर एकजुट हुई हैं। जो एक-दूसरे के खिलाफ थे, वो अब एक होकर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सीधे प्रधानमंत्री का चुनाव होता तो 80 फीसद वोट मोदीजी को ही मिलते। प्रधानमंत्री बिना छुट्टी लिए काम करते हैं, उन्होंने सफाई कर्मियों के पैर धोए और सम्मानित किया। बसपा अध्यक्ष मायावती वोटों की ठेकेदार बनती हैं लेकिन उन्हें सम्मान नहीं देतीं।
केशव प्रसाद ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जो पिता और चाचा का न हुआ, वह बुआ का क्या होगा। जनता को सावधान करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सपा और बसपा को कुछ सीटें मिल गईं, तो यह केंद्र में कांग्रेस की बैसाखी बनेंगी। यह चुनाव देश का अगले सौ साल का भविष्य तय करेगा और देश में भ्रष्टाचार और आतंकवाद से मुक्ति दिलवाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा प्रदेश में 74 से ज्यादा सीटें जीतेगी। कहा कि जो लोग पैसा देकर टिकट लाते हैं, वह जनता की सेवा क्या करेंगे। सभा को भाजपा प्रत्याशी सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत ने भी संबोधित किया।