कमलनाथ बोले, इस बार भाजपा 160 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दावा किया है कि इस बार भाजपा 160 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी।
नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दावा किया है कि इस बार भाजपा 160 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से लेकर कई अन्य राज्यों में उसकी सीटें पिछली बार की तुलना में कम आएंगी।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस 22 से ज्यादा सीटें जीतेगी। वह शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भाजपा से आए नेताओं व समाजसेवियों के कांग्रेस में प्रवेश कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति देश की संस्कृति है। हम देश, दिल, संबंध, रिश्ते और सभी समाजों व धर्मो को जोड़ते हैं।
इंदौर-भोपाल के लिए भाजपा को विज्ञापन निकालना चाहिए
कमलनाथ ने इंदौर सहित कुछ सीटों पर भाजपा द्वारा प्रत्याशी तय नहीं कर पाने के सवाल पर कहा कि उन्हें (भाजपा को) पसीना आ रहा है। उन्होंने सलाह दी कि भाजपा को प्रत्याशी तय करने के लिए विज्ञापन निकाल देना चाहिए। इंदौर से सिंधिया के चुनाव लड़ने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि उनका प्रकरण अलग है।
यह वह ही तय करेंगे, क्योंकि सिंधिया मौजूदा सांसद हैं। शेष सीटों पर तीन या चार दिन में प्रत्याशी तय हो जाएंगे। सोमवार को स्क्रीनिंग कमेटी और इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी।
अब 15 लाख या अच्छे दिन की बात नहीं होती
मुख्यमंत्री ने कहा कि मप्र की जनता समझदार है। वह सबकुछ स्वीकार कर सकती है, लेकिन खुद को ठगा जाए, यह नहीं स्वीकार करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अच्छे दिन, 15 लाख और रोजगार की बात नहीं करते हैं। जनता सब समझ चुकी है। वह अब सैटेलाइट की बात करेंगे, क्योंकि उन्होंने जमीन पर काम ही नहीं किया।
भाजपा के पूर्व मंत्री व विधायक के भाई कांग्रेस में शामिल
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को भाजपा से आए नेताओं व समाजसेवियों के कांग्रेस में प्रवेश के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री, भाजपा नेता और विधायक राजेंद्र शुक्ला के भाई विनोद शुक्ला, सतना जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह, मैहर के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरज पांडे, एसपी शुक्ला, बालेन्दु द्विवेदी, कृष्णकांत द्विवेदी, रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव आदि के साथ कई कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए।
कमलनाथ ने कहा कि जो लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, उन्होंने देश और प्रदेश की तस्वीर देखी है। इसके बाद ही फैसला लिया है।