Lok Sabha Election 2019: JMM विधायक जेपी बोले-मैं BJP के साथ, सिर्फ मोदी चला सकते हैं देश
Lok Sabha Election 2019. मांडू से जेएमएम विधायक जेपी पटेल ने किया भाजपा के समर्थन का ऐलान जेएमएम विधायक ने अभी पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है। निर्णय पार्टी पर छोड़ दिया है।
हजारीबाग, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटी झारखंड मुक्ति मोर्चा को तगड़ा झटका लगा है। जेएमएम के मांडू से विधायक जेपी पटेल ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव में भाजपा को सपोर्ट करने का एलान किया है। अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान जेपी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व देश मेरे लिए सबसे अहम है। देश को सिर्फ मोदी ही चला सकते हैं।
जेपी पटेल ने कहा कि राज्य में जहां-जहां स्व.टेकलाल महतो के समर्थक होंगे वहां-वहां मैं भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करूंगा। उन्होंने पार्टी पर अपनी अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक जेएमएम से रिजाइन नहीं किया है, पार्टी पर इसका फैसला छोड़ दिया है। देश व राज्य के हित में मैंने यह फैसला लिया है। महागठबंधन को उन्होंने स्वार्थ गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी इसे जो समझे। लेकिन मेरे मन में मोदी हैं। जेपी पटेल झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापकों में से एक स्व. टेकलाल महतो के पुत्र हैं और मांडू से लगातार दो बार विधायक चुने गए हैं।