लोकसभा चुनाव: मान गए जीतनराम मांझी, जितनी भी सीट मिले महागठबंधन में हीं रहेंगे
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को चाहे जिनती भी सीटें मिले मांझी महागठबंधन में ही रहेंगे। 15 मार्च को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद वे अपना फैसला सुनाएंगे।
पटना [राज्य ब्यूरो]। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने महागठबंधन छोडऩे की अफवाहों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ किया कि सीटों को लेकर कोई जिच नहीं है। कम सीटें मिलीं तब भी उनकी पार्टी महागठबंधन की मजबूती के लिए काम करती रहेगी। मांझी ने कहा कि 15 मार्च को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद वे फैसला सार्वजनिक करेंगे।
कहा: राजद-कांग्रेस के बाद सर्वाधिक सीटों पर अधिकार
मांझी ने कहा कि महागठबंधन में सीट बंटवारे का एलान शेष है। इसके पहले पार्टी की तीन बैठकों के बाद उन्होंने साफ कर दिया है कि महागठबंधन में शामिल राजद-कांग्रेस के बाद उनका ज्यादा सीटों पर अधिकार है। इसे लेकर कोई समस्या भी नहीं है। इसके बावजूद मीडिया बार-बार यही सवाल उठा रहा है।
कम आंका गया तब भी महागठबंधन में ही रहेंगे मांझी
उन्होंने दावा किया कि 'हम' को सम्मानजनक सीटें मिलेंगी। अगर विपरीत परिस्थितियों में हमें कम आंका गया तब भी हम महागठबंधन की मजबूती के लिए काम करते रहेंगे, लौटकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में नहीं जाएंगे।
15 मार्च की बैठक के बाद सार्वजनिक करेंगे अपना फैसला
मांझी ने बताया कि 15 मार्च को पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक है। इस बैठक के बाद पार्टी अपना फैसला सार्वजनिक करेगी।