Lok Sabha Election 2019: झारखंड में चतरा-पलामू सीट किसी हाल में नहीं छोड़ेगा राजद
Lok Sabha Election 2019. झारखंड राजद के महासचिव ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा है कि पार्टी चतरा और पलामू सीट किसी भी हाल में नहीं छोड़ेगी।
रांची, जासं। लोकसभा चुनाव के तारीखों के एलान होने के साथ ही सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस लिया है। महागठबंधन की चर्चाओं के बीच झारखंड राजद ने सीटों को लेकर अपनी भावनाएं साफ जाहिर कर दी हैं। झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के महासचिव सह प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल किसी भी हाल में चतरा और पलामू लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी किसी भी परिस्थिति में ये दोनों सीट नहीं छोड़ेगी।
अपने बयान में राजद महासचिव ने कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा से गठबंधन का पक्षधर रहा है तथा गठबंधन धर्म निभाने में राजद व राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव तथा पार्टी के तमाम नेता हमेशा चट्टानी एकता बनाए रखने का प्रयास करते रहे हैं। गठबंधन धर्म का निर्वहन करने में कई बार राजनीतिक त्याग भी किया है। भाजपा को शिकस्त देने के लिए महागठबंधन मजबूती के साथ चुनावी समर में जाए, इसके लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं।
डॉ. कुमार ने कहा कि चतरा व पलामू लोकसभा सीट राष्ट्रीय जनता दल का गढ़ माना जाता है। यहां की जनता ने राजद प्रत्याशियों को कई बार लोकसभा का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है। अलग-अलग क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों के मद्देनजर दोनों लोकसभा सीटों पर राजद का स्वाभाविक दावा बनता है। इसे नकारा नहीं जा सकता है।
वर्तमान में जो राजनीतिक परिस्थितियां है, उसके हिसाब से महागठबंधन अति आवश्यक है। सीट गिनाने के लिए नहीं, बल्कि जीतने के लिए लड़ा जाय। अन्यथा भाजपा इस तलाश में है कि किन्हीं कारणों से गठबंधन न हो। इसलिए महागठबंधन के तमाम नेताओं को गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ एक-एक सीटों का आकलन करना चाहिए और यथाशीघ्र निर्णय करें ताकि भाजपा को परास्त किया जा सके।