Lok Sabha Election 2019: झामुमो ने CM रघुवर को चेताया, संयम बरतें नहीं तो...
Lok Sabha Election 2019. झामुमो ने कहा कि व्यक्तिगत हमला करेंगे तो रघुवर दास को झेलना होगा पार्टी का पुराना तेवर। आयोग से रघुवर दास के भाषणों पर प्रतिबंध लगाने की गुजारिश की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड में चुनावी पारा चढऩे के साथ ही नेताओं के बयानों की तल्खी भी बढऩे लगी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयानों से चिढ़े झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शुक्रवार को उन्हें चेतावनी दे डाली। पार्टी महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि अगर रघुवर दास संयम नहीं रखेंगे तो वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के पुराने तेवर को झेलने के लिए तैयार रहें। मोर्चा उन्हें अलग राज्य के आंदोलन के दौरान रहे संगठन के तेवर की याद दिला देगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी व्यक्तिगत हमला झेलना पड़ेगा।
झामुमो ने चुनाव आयोग से भी गुजारिश की है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के भाषणों पर प्रतिबंध लगाया जाए। झामुमो ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चोर कहे जाने से आहत हो जाते हैं, पिछड़ों पर हमला बताते हैं। लेकिन रघुवर दास के व्यवहार पर उनकी नजर नहीं जाती। रघुवर दास लगातार एक विशेष परिवार के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक भाषा का उपयोग करते हैं।
सीएम ने विधानसभा में भी उन्होंने असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल किया है। दरअसल भाजपा असली मुद्दों पर बात करने पर गालीगलौज पर उतर जाती है। मुख्यमंत्री की भाषा और शैली का एक स्तर होना चाहिए। वे बेशक मतभेद उजागर करें लेकिन भाषा में संयम बरते। अब वे झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन का पता पूछ रहे हैं। वे लोगों में नफरत फैला रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। निम्न स्तर की भाषा उनके पद को शोभा नहीं देती।
22 को नामांकन करेंगे शिबू-चंपाई
झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन 22 अप्रैल को दुमका से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उसी दिन मोर्चा के उपाध्यक्ष चंपाई सोरेन जमशेदपुर में नामांकन करेंगे। 23 अप्रैल को पार्टी प्रत्याशी जगरनाथ महतो गिरिडीह से और 24 अप्रैल को विजय हांसदा राजमहल में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।