Lok Sabha Election 2019: भाजपा की बेरुखी से लोजपा नाराज, बंधुआ मजदूर न समझें
Lok Sabha Election 2019. भाजपा अपने नेताओं के साथ होर्डिंग बैनर व पोस्टर में रामविलास पासवान और प्रदेश अध्यक्ष का फोटो को नहीं शामिल करती ताे कार्यक्रम में शामिल नहीं होगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - एनडीए में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) झारखंड में अपनी हिस्सेदारी को लेकर मुखर हो गई है। प्रदेशस्तरीय बैठक में पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा अपने नेताओं के साथ होर्डिंग, बैनर व पोस्टर में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान और प्रदेश अध्यक्ष का फोटो को नहीं शामिल करती है तो पार्टी का कोई कार्यकर्ता भाजपा के कार्यक्रम में शामिल नहीं होगा।
नेताओं ने कहा कि भाजपा अपने चुनावी कार्यक्रमों में लोजपा की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रदेश कार्यालय एवं प्रदेश अध्यक्ष को सूचित करे। प्रदेश अध्यक्ष बिरेंद्र प्रधान ने कहा कि लोजपा के कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रधान ने कड़े तेवर दिखाते हुए साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमें बंधुआ मजदूर न समझे।
ऐन लोकसभा चुनाव के मौके पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली से दलितों में आक्रोश है अगर जल्द भाजपा इस पर संज्ञान नहीं लेती है तो लोकसभा चुनाव में इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बैठक में बिरेंद्र प्रधान, राजीव सिंह, नेहा सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, अभिषेक सिंह, शैलेंद्र द्विवेदी, भानू सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।