Lok Sabha Election 2019: नीतीश कुमार का जदयू झारखंड में कार्यकर्ताओं का टटोल रहा मन
Lok Sabha Election 2019. झारखंड प्रदेश जदयू कार्यसमिति की बुधवार को हुई बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी रामसेवक सिंह ने कहा कि पार्टी भावनाओं को जानने का प्रयास कर रही है।
रांची, जासं। लोकसभा चुनाव का एलान हो गया है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा करने में जुट गए हैं। इधर, झारखंड जदयू अभी तक पार्टी कार्यकर्तायों का मन ही टटोल रही है। बुधवार को हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जदयू के प्रदेश प्रभारी रामसेवक सिंह ने कहा है कि पार्टी पदाधिकारियों की भावनाओं को जानने का प्रयास किया गया है।
इस बैठक में अधिकांश पार्टी पदाधिकारियों ने लोकसभा की सभी 14 सीटों पर चुनाव लडऩे पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि वह कल ही पटना जाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को पार्टी पदाधिकारियों की भावनाओं से अवगत करा देंगे। इसके बाद उनका जो भी फैसला होगा, उस पर काम किया जाएगा।
बता दें कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में ही यह बातें हो गई थी कि पार्टी झारखंड में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। इधर पार्टी अभी भी ऊहापोह की स्थिति में है कि झारखंड में लोकसभा चुनाव नहीं लडऩे की स्थिति में भाजपा को समर्थन दिया जाय या नहीं।
हालांकि प्रदेश प्रभारी का कहना है कि जदयू का भाजपा के साथ गठबंधन सिर्फ बिहार में है, झारखंड में नहीं। यहां भाजपा के साथ गठबंधन की कोई बात नहीं हुई है। कयास यह भी लगाया जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की सहमति के बाद जदयू झारखंड में भाजपा को समर्थन दे सकता है।