Lok Sabha Election 2019: भाजपा ने हेमंत सोरेन से पूछा, कहां के रहने वाले हैं
Lok Sabha Election 2019. झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने सोरेन परिवार पर हमला बोला है। उन्होंने हेमंत पर सीएनटी-एसपीटी कानून का जमकर उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
राज्य ब्यूरो, रांची। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सोरेन परिवार पर हमला बोला है। प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने हेमंत पर सीएनटी-एसपीटी कानून का जमकर उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
शाहदेव ने सोरेन परिवार द्वारा अर्जित 32 संपत्तियों का ब्यौरा जारी करते हुए कहा कि ये संपत्तियां रांची, धनबाद, बोकारो, साहेबगंज, गोड्डा, गिरिडीह, आदि शहरों में ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सीएनटी-एसपीटी कानून के प्रावधानों में यह स्पष्ट है कि एक राजस्व थाने के बाहर जमीन नहीं खरीदी जा सकती है। फिर हेमंत सोरेन के परिवार ने सात-सात जिलों में कैसे संपत्ति अर्जित कर ली।
प्रतुल ने कहा कि भाजपा सिर्फ यह जानना चाहती है कि सोरेन परिवार का मूल निवास कहां का है। ये किस राजस्व थाने के रहने वाले हैं। उन्होंने बोकारो में सोरेन परिवार द्वारा एक दिन में की गई 16 प्लॉट की रजिस्ट्री का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड में एक दिन में इतनी सारी रजिस्ट्री होने का दूसरा इतिहास नहीं है, इसलिए सोरेन परिवार को इसे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करवाने के लिए आवेदन देना चाहिए।
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून तो अपना काम करती ही है, लेकिन राजनैतिक मर्यादा और नैतिकता का तकाजा होता है कि जो लोग जिस चीज के हिमायती होने का स्वांग रचते हैं, उन्हें उसका खुद भी पालन करना चाहिए।
प्रतुल ने कहा कि सोरेन परिवार अपने आपको आदिवासी और मूलवासी का हितैषी बताता रहा है जबकि आदिवासी-मूलवासियों के सुरक्षा कवच के रूप में बने सीएनटी-एसपीटी कानून के प्रावधानों का इसी परिवार ने सबसे ज्यादा उल्लंघन किया है।