देश और जनता के हित में बना है भाजपा का संकल्पपत्र : जयराम ठाकुर
Lok Sabha Election 2019 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा को तवज्जो दी है।
कुल्लू, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से सोमवार को जारी किए गए संकल्प पत्र को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विकास व सुरक्षा से जुड़ा संकल्प पत्र बताया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी का संकल्प पत्र पूरी तरह से देश व आम जनता के हित में बनाया गया है। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा को तवज्जो दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पार्टी ने संकल्पपत्र में देश के साथ सैनिकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा है तथा साथ ही उनको नई तकनीक के हथियार देने का प्रावधान है। साथ ही भ्रष्टाचार और आतंकवाद को बिल्कुल भी सहन न करने की बात सबसे महत्वपूर्ण है। किसानों को 2022 तक समृद्ध बनाने के लिए भी इस संकल्प पत्र में कहा गया है तथा चल रही योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इसके साथ ही 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन का प्रावधान भी संकल्प पत्र में नया पहलू है। राम मंदिर के मुद्दे को सौहार्दपूर्वक हल करने पर काम किया जाएगा।
ये संकल्प साबित होंगे मील के पत्थर
- 2022 तक 75 संकल्प पूरे करेंगे। 12 कसौटियों पर भूमिका निभाई।
- मन की बात, सोशल मीडिया के माध्यम से करोड़ों लोगों की सहभागिता और सुझावों से निर्मित पत्र
- भारत को विश्व की सबसे बड़ी तीन अर्थव्यवस्थाओं में लाना लक्ष्य
- किसान क्रेडिट कार्ड पर पांच साल के लिए ब्याजमुक्त कर्ज।
- सामाजिक सुरक्षा के लिए छोटे व सीमांत किसानों के लिए 60 साल बाद पेंशन का प्रावधान
- 2022 तक किसानों की आय दुगनी करने की दिशा में उठेंगे कारगर कदम। जैविक खेती, पशुपालन, सिंचाई, व सहभागिता के माध्यम से किसानों का विकास ग्राम स्वराज : 2022 तक प्रत्येक परिवार, जो कच्चे घर में रह रहा है या जिनके पास मकान नहीं है, को
- पक्का घर उपलब्ध करवाया जाएगा।
- 2022 तक हर पंचायत को हाईस्पीड ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ना
- स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, बाजारों को गांव से सड़क से जोड़ने के लिए ग्राम उन्नयन कार्यक्रम
- जीएसटी में और सुधार। 100 लाख करोड़ रुपये के निवेश की रूपरेखा, मेक इन इंडिया के माध्यम से विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ेंगे कदम
- हिमालयी क्षेत्रों का संरक्षण : वनों के संरक्षण व संवद्र्धन की सुविधा के लिए ग्रीन बोनस के रूप में सहायता।
- युवाओं का विशेष ध्यान
- धारा 370 पर प्रतिबद्ध। धारा 35 ए हटाने की प्रतिबद्धता, जो जम्मू-कश्मीर के विकास में बाधक है।
- राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि। राष्ट्र पहले के थीम पर एक मिशन, एक दिशा से आगे बढ़ेंगे
शांता का ट्वीट...
भाजपा का संकल्प पत्र स्वामी विवेकानंद के दरिद्र नारायण, महात्मा गांधी के अंत्योदय और पंडित दीन दयाल के पंक्ति में सबसे पीछे के व्यक्ति के विकास को समर्पित है। इन तीन सिद्धांतों और अन्त्योदय की भावना की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है।
शांता कुमार, सांसद, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र