Lok Sabha Elections 2019: राजस्थान की इन 12 सीटों पर रोचक मुकाबला, मैदान में दो केंद्रीय मंत्री
Lok Sabha Elections 2019. राजस्थान में दौसा एकमात्र ऐसी सीट है जहां भाजपा और कांग्रेस ने महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में 25 में से 12 सीटों पर सोमवार को वोट डाले जाएंगे। मोदी सरकार के दो केंद्रीय मंत्रियों, कांग्रेस के एक राष्ट्रीय सचिव, चुनाव से ठीक पहले एनडीए में शामिल हुए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल व हरियाणा के महंतों के भाग्य का फैसला होगा। दौसा सीट प्रदेश की एकमात्र ऐसी सीट है जहां भाजपा और कांग्रेस ने महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। वहीं भरतपुर और अलवर दो सीटों पर बसपा ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना रखा है।
जाट बहुल सीटों पर मुकाबला रोचक
सोमवार को जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला होगा उनमें केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल शामिल हैं। वह बीकानेर संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के मदन गोपाल मेघवाल से है। दोनों रिश्ते में मौसेरे भाई हैं।
जयपुर ग्रामीण सीट से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस के टिकट पर पूर्व एथलीट और विधायक कृष्ण पूनिया मैदान में हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और राहुल गांधी के करीबी जितेंद्र सिंह अलवर सीट पर एक बार फिर अपना भाग्य अजमा रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के बाबा बालकनाथ से है। बालकनाथ हरियाणा के रोहतक स्थित मस्तनाथ मठ के महंत हैं। सीकर सीट से रोहतक निवासी संत सुमेधानंद सरस्वती को भाजपा ने एक बार फिर मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के जाट नेता सुभाष महरिया से है। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद एनडीए में शामिल होने वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल नागौर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा ने अपने वर्तमान सांसद और केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी का टिकट काटकर बेनीवाल के लिए यह सीट समझौते में छोड़ी है। बेनीवाल का मुकाबला दिग्गज जाट नेता स्व. नाथूराम मिर्धा की पौत्री ज्योति मिर्धा से है। श्रीगंगानगर सीट पर भाजपा के निहालचंद मेघवाल और कांग्रेस के भरत मेघवाल के बीच टक्कर है। वहीं करौली-धौलपुर में भाजपा ने मनोज राजोरिया को फिर मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने उनके सामने संजय जाटव को टिकट दिया है। दौसा से भाजपा ने जसकौर मीणा को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने सविता मीणा को टिकट दिया है। झुझुनूं सीट पर कांग्रेस ने श्रवण कुमार और भाजपा ने नरेंद्र खीचड़ को टिकट दिया है।
भाजपा ने अपनी वर्तमान सांसद संतोष अहलावत का टिकट काटकर खीचड़ पर भरोसा जताया है। भरतपुर सीट से कांग्रेस ने अभिजीत जाटव और भाजपा ने रंजीता कोली, जयपुर शहर से कांग्रेस ने ज्योति खंडेलवाल व भाजपा ने रामचरण बोहरा को प्रत्याशी बनाया है। बोहरा वर्तमान में सांसद हैं। जाट बहुल आधा दर्जन सीटों पर मुकाबला काफी रोचक नजर आ रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप