चुनाव डयूटी में अस्वस्थ हुए तो अस्पताल जाकर कराएं कैशलेस इलाज, सरकार देगी खर्च
आपकी ड्यूटी लोकतंत्र के महापर्व में लगी है तो इस बात से बेफिक्र रहें कि आप अस्वस्थ हो गए या दुर्घटनाग्रस्त हो गए तो तुरंत इलाज कैसे कराएंगे। इस बात की फिक्र आपको नहीं करनी है।
जागरण संवाददाता, दुमका: आपकी डयूटी लोकतंत्र के महापर्व में लगी है तो इस बात से बेफिक्र रहें कि आप अस्वस्थ हो गए या दुर्घटनाग्रस्त हो गए तो तुरंत इलाज कैसे कराएंगे। इस बात की फिक्र आपको नहीं करनी है। यह चिंता आयोग व प्रशासन की है।
आपात स्थिति में चुनावकर्मियों के इलाज के लिए झारखंड में 595 अस्पताल को चिह्नित कर लिया गया है। चुनाव आयोग हर एक मतदान कर्मी एवं सुरक्षाबल के फिटनेस को लेकर पूरी तरह संजीदा है। सारा खर्च सरकार देगी। राजधानी रांची, उप राजधानी दुमका, सांस्कृतिक राजधानी देवघर, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह समेत झारखंड के सभी 24 जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी को अलर्ट कर दिया गया है। आयोग के इस फैसले से राज्य मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय चौबे ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त एवं पुलिस कप्तान एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया है। हर एक जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी अस्पतालों को चिह्नित किया गया है। यहां जाकर बीमार या घायल मतदानकर्मी अपना इलाज कैशलेस करा सकते हैं। उनको अपनी जेब में हाथ डालने की जरूरत नहीं होगी।
अस्पताल प्रबंधन को क्या करना होगा: यदि चुनाव कार्य के दौरान बीमार या दुघर्टनाग्रस्त हो गए हैं तो प्रशासन से तय सरकारी या निजी अस्पताल जाकर इलाज कराना है। किसी के घायल होने या बीमार होने की सूचना जैसे ही उपायुक्त को मिलेगी, वह उस मतदान कर्मी के कर्तव्य से संबंधित सूचना संबंधित अस्पताल के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को तत्काल भेज देंगे। उपचार के बाद अस्पताल प्रबंधन को चिकित्सा विपत्र उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी को भेजना होगा। सरकार की ओर से उपायुक्त को जिले से संबंधित सारा मेडिकल खर्च भेजा जाएगा, उसके बाद अस्पताल प्रबंधन को भुगतान किया जाएगा।
जिला अस्पताल की संख्या
बोकारो 31
चतरा 11
देवघर 31
दुमका 13
धनबाद 33
गढ़वा 36
गिरिडीह 27
गोड्डा 18
गुमला 15
हजारीबाग 24
जामताड़ा 8
खूंटी 9
कोडरमा 17
लातेहार 10
लोहरदगा 15
पाकुड़ 10
पलामू 26
रामगढ़ 34
रांची 100
साहिबगंज 9
सरायकेला 24
सिमडेगा 10
पू. सिंहभूम 31
प. सिंहभूम 21