Move to Jagran APP

लोकसभा चुनाव: सीटों के लिए महागठबंधन में हंगामा, खगडि़या में RJD को बड़ा झटका

लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के घटक दलों में तकरार जारी है। हाल ही में कांग्रेस कार्यालय में हंगामा के बाद रविवार को राजद कार्यकर्ताओं ने भी प्रदेश कार्यालय में हंगामा किया।

By Amit AlokEdited By: Published: Sun, 24 Mar 2019 03:00 PM (IST)Updated: Sun, 24 Mar 2019 03:22 PM (IST)
लोकसभा चुनाव: सीटों के लिए महागठबंधन में हंगामा, खगडि़या में RJD को बड़ा झटका

पटना [जेएनएन]। महागठबंधन में सीटों व टिकट के बंटवारे के बावजूद अभी भी 'ऑल इज वेल' नहीं है। घटक दलों के झगड़े सतह पर आने लगे हैं। रविवार को राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय में सीतामढ़ी सीट पर उम्‍मीदवार बदलने को लेकर हंगामा किया। उधर, खगडि़या से टिकट नहीं मिलने से नाराज कृष्‍णा यादव ने राजद छोड़कर भारतीय कम्‍युनिष्‍ट पार्टी (भाकपा) का दामन थाम लिया है। इसके पहले बिहार कांग्रेस मुख्‍यालय (सदाकत आश्रम) में औरंगाबाद सीट के लिए कार्यकर्ता हंगामा कर चुके हैं।

loksabha election banner

राबड़ी आवास पर राजद कार्यकर्ताओं का धरना

महागठबंधन के घटक दलों में सीट बंटवारा होते ही राजद में विरोध के स्वर भी तेज होने लगे हैं। दावेदारों ने नेतृत्व पर दबाव बढ़ा दिया है। शनिवार को सीतामढ़ी, हाजीपुर, उजियारपुर और गोपालगंज संसदीय सीटों के दावेदारों के समर्थक पटना आकर राबड़ी देवी के सरकारी आवास के सामने धरना पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं की मांग अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को टिकट दिलाने की थी।

सीतामढ़ी से आए कार्यकर्ता सीताराम यादव को प्रत्याशी बनाने की मांग कर रहे थे। सीट बंटवारे में यहां से शरद यादव के करीबी अर्जुन राय को प्रत्याशी बनाने की बात चल रही है। इसी तरह उजियारपुर से राजद के आलोक मेहता दावेदार थे, किंतु बंटवारे में यह सीट राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को दे दी गई है। हाजीपुर सीट से विश्वेश्वर पासवान और गोपालगंज से प्रो. विजय पासवान को प्रत्याशी बनाने के लिए दबाव बनाया गया। आंदोलनकारियों का कहना था कि राजद नेतृत्व अपने परंपरागत आधार वाली सीटों को भी दूसरे के हिस्से में देकर कार्यकर्ताओं की मेहनत का अनादर कर रहा है।

राजद कार्यालय में किया हंगामा

इसके बाद कार्यकर्ताओं का गुस्‍सा रविवार को भी फूटा। उन्‍होंने राजद के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्‍यक्ष रामचंद्र पूर्वे के सामने जमकर हंगामा किया। वे सीतामढ़ी से सीताराम यादव को उम्‍मीदवार बनाने की मांग पर अड़े थे।

औरंगाबाद सीट बेचने के आरोप में हंगामा

सीटों को लेकर कार्यकर्ताओं का असंतोष कांग्रेस में भी सतह पर आ चुका है। सदाकत आश्रम में हाल ही में असंतुष्‍ट कार्यकर्ताओं ने औरंगाबाद सीट 'हम' को देने के खिलाफ धरना दिया था। इसके बाद उन्‍होंने प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल तथा डॉ. अखिलेश सिंह के खिलाफ नारेबाजी की तथा पैसे लेकर सीट बेचने का आरोप भी लगाया। आंदोलनकारी औरंगाबाद सीट पर कांग्रेस के निखिल कुमार को टिकट देने की मांग कर रहे थे।

नाराज नेताओं का दल-बदल भी शुरू

इस बीच टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं का दल-बदल भी शुरू हो गया है। इस क्रम में रविवार को राजद को बड़ा झटका तब लगा, जब राजद की कृष्‍णा यादव ने भाकपा का दामन थाम लिया। कृष्‍णा यादव खगडि़या के बाहुबली रणवीर यादव की पत्‍नी हैं। रणवीर यादव की खगडि़या में गहरी पैठ है।

सीटों को ले घटक दलों में कलह जारी

दरअसल, दिल्ली-पटना-रांची में कई दौर के महामंथन के बाद भी महागठबंधन में सीट बंटवारे का झंझट सुलझा नहीं है। राजद व कांग्रेस मुख्‍यालयों में कार्यकर्ताओं के हंगामा ने 'ऑल इज वेल' के दावों की पोल खोल दी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.