Jharkhand : जमशेदपुर में चुनाव आयोग को मुंह चिढ़ा रहे सरकारी होर्डिंग
Lok Sabha Polls 2019. जमशेदपुर में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर सरकारी महकमा ही संजीदा नहीं दिखता है। यहां सरकारी होर्डिंग चुनाव आयोग को मुंह चिढ़ाते दिख रहे हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। लेकिन जमशेदपुर में ऐसा देखा जा रहा है कि आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर सरकारी महकमा ही संजीदा नहीं है। यहां जगह-जगह लगे सरकारी होडिंग चुनाव आयोग को मुंह चिढ़ाते दिख रहे हैं।
जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के जमशेदपुर के डिमना चौक पर यात्री शेड में आदेश के कोई आठ दिन बाद भी स्वच्छता अभियान से संबंधित होर्डिंग लगा है। इसमें राज्य के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक व खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय की तस्वीर लगी है। यह होर्डिंग मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति की ओर से लगाई गई है। इस रास्ते से गुजरने वाले संजीदा लोग एक-दूसरे से यह सवाल पूछते हैं कि यह क्या है। क्या प्रशासन को यह नहीं पता कि होर्डिंग-बैनर हटाने संबंधित आदेश सिर्फ राजनीतिक दलों के लिए ही नहीं है।
भाजपा और झामुमो अध्यक्ष पर हो चुका है केस
आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर भाजपा के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार और झामुमो के जिला अध्यक्ष पर थाने में मामला दर्ज किया जा चुका है।