Jharkhand Lok Sabha Election 2019: 5वें चरण की 4 सीटों पर वोटिंग कल
Lok Sabha Election 2019.रांची खूंटी कोडरमा व हजारीबाग में दो पूर्व सीएम एक केंद्रीय राज्य मंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर। 61 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे 6587028 मतदाता।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Lok Sabha Election 2019 झारखंड में लोकसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण की चार सीटों रांची, खूंटी, कोडरमा तथा हजारीबाग में शनिवार को शाम चार बजे से चुनावी शोर थम गया। इसके बाद उम्मीदवार घर-घर जाकर कैंपेन करने व बूथ मैनेजमेंट में जुट गए। इन चारों सीटों पर 6 मई (सोमवार) को कुल 8,834 बूथों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
दूसरे चरण की इन चारों सीटों पर 61 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कुल 65,87,028 मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे। रांची में 20, खूंटी में 11, कोडरमा में 14, हजारीबाग में 16 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। इनमें आठ महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। रांची में एक, खूंटी में चार, कोडरमा में दो तथा हजारीबाग में एक महिला उम्मीदवार हैं। इधर, इन चारों सीटों पर शनिवार को शाम चार बजे से 48 घंटे का साइलेंट पीरियड लागू होने के साथ ही इन संसदीय क्षेत्रों में मद्य निषेध लागू हो गया।
इनकी प्रतिष्ठा दांव पर
दो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी तथा अर्जुन मुंडा, वर्तमान केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिन्हा, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी के अलावा वर्तमान सांसद रामटहल चौधरी तथा विधायक राजकुमार यादव।
8,834 बूथों पर पड़ेंगे वोट
6 मई को इन चारों सीटों के कुल 8,834 बूथों पर वोट पड़ेंगे। रांची में 2,376, खूंटी में 1,705, कोडरमा में 2,475 तथा हजारीबाग में 2,278 बूथ हैं।
रांची व हजारीबाग में लगेगी दो-दो बैलेट यूनिट
रांची तथा हजारीबाग के सभी बूथों पर दो-दो बैलेट यूनिटें लगाई जाएंगी। खूंटी तथा कोडरमा में एक-एक बैलेट यूनिट लगेगी। बता दें कि एक बैलेट यूनिट में 16 बटन होते हैं। इस तरह एक यूनिट में अधिकतम 15 उम्मीदवार तथा एक नोटा के लिए बटन होता है। रांची व हजारीबाग में 15 से अधिक तथा कोडरमा व खूंटी में 15 से कम उम्मीदवार हैं।
फैक्ट फाइल
- कुल मतदाता : 65,87,028
- पुरुष मतदाता : 34,42,266
- महिला मतदाता 31,44,679
- थर्ड जेंडर : 83
- 18-19 वर्ष के मतदाता : 1,09,025
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप