मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी मुरादाबाद सीट से आजमाएंगे भाग्य
मुरादाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के नहीं लडऩे की घोषणा के बाद कुछ घंटे बाद ही मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी को प्रत्याशी बनाया गया।
मुरादाबाद, जेएनएन। मुरादाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के नहीं लडऩे की घोषणा के बाद कुछ घंटे बाद ही मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी को प्रत्याशी बनाया गया। राजबब्बर के मुरादाबाद से नहीं लडऩे की स्थिति में मुस्लिम प्रत्याशी के उतरे जाने से पहले ही चार दावेदारों के नाम चल रहे थे। कांग्रेस ने दावेदारों में शामिल किसी भी प्रत्याशी को टिकट नहीं देकर फजीहत बचा ली।
राजबब्बर को बनाया था प्रत्याशी
मुरादाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया था। इसकी घोषणा होते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश का संचार हो गया था। चुनाव को निर्णायक बनाने के लिए पार्टी स्तर पर तैयारियां शुरू हो गईं थीं। घोषणा होने के बावजूद राजबब्बर के नहीं आने के पीछे चर्चाएं भी होती रहीं। होली से एक दिन पहले उनके जनसंपर्क की अनुमति नहीं मिलना या फिर अनुमति के लिए आवेदन ही नहीं करना भी स्पष्ट नहीं हो सका था। उनके आगमन की तिथि टलती जा रही थी। इससे चर्चाएं होने लगी थीं कि राजबब्बर नहीं लड़ेंगे। शुक्रवार को घोषणा होने के बाद इसके सियासी मायने निकाले जाने लगे। चुनाव नहीं लडऩे के कारण हाईकमान का फैसला बताया जा रहा है। हालांकि अंदरखाने बात कुछ और बताई जा रही है, चर्चा है कि फैसला कांग्रेस के मुस्लिम नेताओं के दबाव में लिया गया है। मुरादाबाद सीट पर मीम अफजल, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और राशिद अलवी दावेदारी कर रहे थे। इन सभी नेताओं को पूर्व उत्तर प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद का समर्थन मिला है।
दिल्ली में डाल रखा था डेरा
जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने दिल्ली में डेरा डाल रखा था। मुस्लिम दावेदारी के लिए सभी नेता कांग्रेस हाईकमान को संतुष्ट करने में सफल रहे कि मुरादाबाद सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी बेहतर रहेगा। ऐसे में मुस्लिम बाहुल्य मुरादाबाद सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारकर मंडल में बेहतर संतुलन बनाया जा सकता है। इसके चलते पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी से बातचीत के बाद प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने मुरादाबाद से चुनाव न लडऩे का निर्णय लिया। प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधायक फूल कुंवर ने बताया कि राज बब्बर मुरादाबाद से चुनाव नहीं लड़ेंगे, जो भी उम्मीदवार होगा, उसको चुनाव जिताया जाएगा। मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी के लडऩे की जानकारी कार्यकर्ताओं को टीबी के माध्यम से मिली।
राजबब्बर के चुनाव नहीं लडऩे पर कार्यकर्ताओं में हताशा
पीपीसी सदस्य एवं पंजाबी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गुंबर ने बताया कि राजबब्बर के चुनाव नहीं लडऩे पर कार्यकर्ताओं में हताशा है। इस सीट पर राजबब्बर कम से कम दो लाख वोटों से जीत हासिल करते। पंजाबी समाज में खासा उत्साह था। सभी को बहुत दुख है। पार्टी के सिपाही होने के नाते हाईकमान जिसको भी टिकट देगा, उसको ही लड़ाया जाएगा।
जिसको मिलेगा टिकट, उसको लड़ाया जाएगा
राजबब्बर के मुरादाबाद से नहीं लडऩे को लेकर पार्टीजन कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। सभी का कहना है कि हाईकमान जिसको उम्मीदवार बनाएगा, उसी को लड़ाया जाएगा और जीत दिलाई जाएगी। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के मंडल उपाध्यक्ष शाकिर अली राईनी ने बताया कि प्रत्येक कार्यकर्ता इस बार कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने क लिए लालायित है। जो भी उम्मीदवार घोषित किया है। उसको लड़ाया जाएगा। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य असलम खुर्शीद ने बताया कि इस बारे में कोई अधिकृत जानकारी नहीं हैं। पार्टी ने जिसको प्रत्याशी घोषित किया है, उसको लड़ाया जाएगा।