Lok Sabha Election 2019: Ex CM हेमंत ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, कहा-संताल में सिर्फ शिलान्यास हुआ
सोरेन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने विकास के नाम लोगों को पांच वर्ष तक छला है। पांच साल के अंदर कई केंद्रीय मंत्री का संताल में आए और करोड़ों की योजनाओं का सिर्फ शिलान्यास किया।
साहिबगंज, जेएनएन। महागठबंधन इस बार चुनाव को मजबूती के साथ जंग की तरह लड़ रहा है। सूबे की सभी लोकसभा सीट पर महागठबंधन जीतेगी। भाजपा इस बार झारखंड में खाता भी नहीं खोल पाएगी। उक्त बातें मंगलवार को एलसी रोड स्थित पार्टी कार्यकर्ता के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री सह प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कही।
सोरेन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने विकास के नाम लोगों को पांच वर्ष तक छला है। पांच साल के अंदर कई केंद्रीय मंत्री का संताल में आए और करोड़ों रुपये का शिलान्यास किया, लेकिन जमीन कुछ दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी बढ़ी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी विरोधी, किसान विरोधी व गरीब विरोधी सरकार है।
भाजपा सरकार में पूंजीपतियों का बोलबाला है जिसे अब जनता समझ चुकी है। इस चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। यहां मौजूद राजमहल लोकसभा क्षेत्र के महागठबंधन के प्रत्याशी विजय हांसदा ने कहा कि राजमहल लोकसभा क्षेत्र की जनता मुझे जो जिम्मेदारी दी थी उसे बखूबी निभाने का काम किया है। अपने क्षेत्र की समस्याओं को संसद के पटल पर रखने का काम किया। जब भी समय मिला में अपने क्षेत्र के लोगों के बीच जनहित में काम किया। उन्होंने कहा कि हमने क्षेत्र के लिए काम किया है। इसलिए हम अपने जीत के प्रति आश्वस्त हैं। कहा कि भाजपा सरकार ने प्रतिवर्ष दो करोड़ नौकरी देने की बात कहीं थी, लेकिन चार करोड़ नौकरी गायब कर दिया। इसका जवाब इस बार के चुनाव में जनता देगी।
पाकुड़ विधायक आलमगीर आलम ने कहा कि महागठबंधन मजबूती के साथ इस बार लड़ रहा है। गठबंधन झारखंड की सभी लोकसभा सीट जीतेगी। इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने सभी नेता को फूल-माला पहना कर स्वागत किया। इस मौके पर पंकज मिश्रा, झामुमो जिला अध्यक्ष शाहनाज अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष अनुकुल चंद मिश्रा आदि मौजूद थे।