Lok Sabha Election 2019 : पता ही नहीं चल रहा चुनाव है..बस सोशल मीडिया में शोर है
Lok Sabha Election 2019. पिछले बार चुनाव में माइक से प्रचार होता था। नारे लगते थे। इस बार ऐसा कुछ नहीं है। रोहित बोला अब दुनिया बदल रही है। सब कुछ डिजिटल हो रहा है।
जमशेदपुर, मुजतबा हैदर रिजवी।Lok Sabha Election 2019 दोमुहानी में सुबह आठ बजे मौसम सुहाना था। सूरज की किरणों नदी के पानी पर पड़ दृश्य को मनोरम बना रही थीं। कुछ लोग नदी में स्नान कर रहे थे तो कुछ लोग घाट पर बनी कुर्सियों पर बैठे प्रकृति का लुत्फ उठा रहे थे। एक नाविक नाव का लंगर खोल रहा था। नाव की सवारी का लुत्फ लेने के लिए मैंने पूछा तो नाविक ने बताया कि उस पार जाने का किराया पांच रुपये है।
मैं पांच रुपये देकर नाव में बैठ कर नौका विहार का आनंद लेते हुए नदी के उस पार पहुंच गया। ये इलाका सरायकेला में आता है। आधे घंटे के इंतजार के बाद फिर नाव तैयार हुई। इस बार जमशेदपुर जाने के लिए आठ लोग सवार हुए। नदी के पानी को चीरती हुई नाव आगे बढ़ रही थी। सभी चुप थे। चुप्पी तोड़ते हुए सामने बैठे युवक रोहित से मैंने ही पूछ लिया आपके इलाके में चुनाव का क्या हाल है। युवक बोला कि उसके गांव सपड़ा में पता ही नहीं चल रहा कि चुनाव हो रहा है। इस बार न तो चुनावी शोर है और ना ही पोस्टर चिपकाए जा रहे हैं। बस हमें सरकारी स्कूल के अध्यापक बता गए हैं कि 12 मई को चुनाव है। उसके पास खड़ी युवती मनीषा बोली कि पिछले बार चुनाव में माइक से प्रचार होता था। नारे लगते थे। इस बार ऐसा कुछ नहीं है। रोहित बोला अब दुनिया बदल रही है। सब कुछ डिजिटल हो रहा है। फेसबुक और वाट्सएप पर प्रचार चल रहा है।
मैंने अगला सवाल दागा-किसको वोट दोगे। इस पर युवक के करीब खड़ी मनीषा बोली कि भाजपा और कांग्रेस चुनाव लड़ रहे हैं। मोदी जी ने खूब काम किया है। आतंकियों को सबक सिखाया है। पाकिस्तान में घुस कर बम गिराया है। वोट तो उन्हीं को देना चाहिए। जमशेदपुर में सब्जी की दुकान लगाने वाले सपड़ा के कन्हैया मंडल बताने लगे कि उनका गांव सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में आता है। यहां कांग्रेस व भाजपा दोनों का जोर है।ग्रेजुएट कॉलेज से पढ़ाई करने वाली सपड़ा की रानी कुमारी ने कहा कि कांग्रेस को वोट देने से कोई फायदा नहीं। कांग्रेस ने देश का कबाड़ा कर दिया। रानी के बगल में खड़ी पूजा भी ग्रेजुएट कॉलेज से पढ़ाई कर रही है। वो बोली कि टीवी पर तो मोदी जी ही सुनाई दे रहे हैं। वाराणसी में उनका रोड शो टीवी पर देखा। क्या भीड़ थी। गजब। बंदे में कुछ तो दम है। मोदी जी अपेक्षाओं पर खरे उतरे हैं।
सोनारी में ककड़ी बेचने वाले रांची संसदीय क्षेत्र के शहरबेड़ा के राजू और हंसराज गौरी अपनी डलिया लेकर बैठे हुए थे। राजू ने तपाक से जुमला उछाला- चुनाव कोई भी जीते। हम सब्जी नहीं बेचेंगे तो खाएंगे क्या। कोई हमारी हालत देखने नहीं आएगा। इस पर मैंने उन्हें बताया कि कांग्रेस किसानों की स्थिति बदलने की बात कह रही है। राहुल गांधी ने वादा किया है कि सभी किसानों को 72 हजार रुपये खाते में दिए जाएंगे। इस पर हंसराज बोले चुनाव में वादे तो खूब होते हैं लेकिन, चुनाव के बाद सब भूल जाते हैं। तभी दोमुहानी का किनारा आ गया। नाविक ने नाव किनारे लगा कर आवाज लगाई। इसके बाद सब नाव से उतर कर अपनी अपनी मंजिल की तरफ रवाना हो गए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप