पूर्वी चंपारण महागठबंधन के नेता विनोद ने कहा साजिश के तहत कटा टिकट
महागठबंधन के दलों में कम नहीं हो रहीं दूरियां। राजद नेता व पिछले चुनाव में प्रत्याशी विनोद श्रीवास्तव ने रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर लगाए गंभीर आरोप।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। महागठबंधन में टिकट बंटवारे को लेकर जारी मतभेद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को पिछले चुनाव में पूर्वी चंपारण सीट पर लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे राजद के वरीय नेता विनोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि टिकट बंटवारे के दौरान एक साजिश के तहत उनका व जिले के कार्यकर्ताओं का गला काटा गया है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन में जब टिकट बंटवारे की बात भी नहीं थी तभी से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर रालोसपा प्रमुख दबाव उपेंद्र कुशवाहा दवाब बनाने लगे थे। बिहार में उन्हें मोतिहारी सीट ही चाहिए थी। आज राजद का कोई भी नेता मैदान में होता तो दृश्य कुछ और होता। लोगों को समझाने में परेशानी हो रही है, कि हमारा नेता कौन है? उसका चुनाव चिह्न क्या है! लोग राजद का चुनाव चिह्न समझते हैं।
विनोद मीडिया के सामने रो पड़े। कहा- हमारे नेता लालू प्रसाद है। तेजस्वी हैं। राबड़ी देवी हैं। हम उनके परिवार के हनुमान हैं। जिस तरह से टिकट काटा गया और साजिश की गई, उसके पीछे रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा रहे। टिकट झटकनेवाले ने झटक लिया और चले भी जाएंगे। लेकिन, हम पूर्वी चंपारण के लोगों के बीच रहे हैं और आगे भी उनके साथ रहेंगे। पर हमारे दल के लोगों के साथ इससे पहले दुर्व्यवहार किया गया है। यह क्या ठीक है। जनता सब समझ रही है। राजद के लोगों को दर्द हो रहा, उत्साह नहीं है। लेकिन, राजद के शीर्ष नेतृत्व के आदेश के आलोक में महागठबंधन धर्म का हम पालन कर रहे हैं।