Lok Sabha Election 2019 : दिग्विजय सिंह ने कहा- मैं कन्हैया का समर्थक, आरजेडी ने बहुत बड़ी गलती की
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने खुद को कन्हैया कुमार का समर्थक बताया है।
भोपाल, एनएनआइ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने खुद को कन्हैया कुमार का समर्थक बताया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं उनका समर्थक हूं और मैंने अपनी पार्टी में भी इस बात को कहा कि आरजेडी ने बहुत बड़ी गलती कर दी है। उन्होंने बताया कि मैंने कोशिश की बात करने की यह सीट (बेगूसराय) सीपीआइ को दे देनी चाहिए। मुझे इस बात की खुशी है कि आठ और नौ तारीख को प्रचार करने के लिए भोपाल आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने बताया कि कन्हैया कुमार उनके लिए प्रचार करने आ रहे हैं।
दिग्विजय सिंह रविवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यालय शाकिर सदन पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि कन्हैया युवाओं के लिए एक विचारधारा बन गए हैं। उन्होंने जेएनयू में कभी भी देश विरोधी नारे नहीं लगाए। यह एक साजिश थी। आज तक इसका कोई वीडियो सामने नहीं आ सका है। कन्हैया कुमार तो सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। इस बात की मुझे खुशी है।
भारतीय लोकतंत्र का यह आखिरी चुनाव
दिग्विजय ने कहा कि खुद भाजपा के लोग मुझसे यह कह चुके हैं कि यह भारतीय लोकतंत्र का आखिरी चुनाव है। अगर मोदी फिर प्रधानमंत्री बने तो इसके बाद नियंत्रित चुनाव होंगे। उनके खिलाफ वोट देने वाले वोट देने नहीं जा पाएंगे। इसलिए इस बार करो या मरो की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लेफ्ट, राइट, सेंटर सब था। आज से नहीं, बल्कि आजादी से पहले से ही। हालांकि एक छोटी सी बात को लेकर लेफ्ट का साथ छूट गया।
ऐसे में जितने पार्टी में टुकड़े हुए उतने ही देश में भी हुए। अब समय आ गया है कि जब विचारधारा की लड़ाई हो रही है तो सबको एक होना होगा। उन्होंने कहा कि गांधी और कार्ल मार्क्स में छोटा सा धार्मिकता और धर्माधता का अंतर है। धर्माध लोग नफरत फैलाते हैं। इसी नफरत से हिंसा पैदा होती है। उन्होंने कहा जो पार्टी हिंदुत्व की बात करती है। वही नफरत और हिंसा फैलाती है। इस दौरान उन्होंने यहां तक कहा कि यह दो विचारधारा की लड़ाई है। एक विचारधारा जिसने आजादी दिलाई और दूसरी जिसने गांधीजी की हत्या की। अब आपको यह तय करना है कि आप किसके साथ हैं।
क्यों दिलचस्प हो गया है बेगूसराय सीट का चुनाव
बता दें कि कन्हैया कुमार बिहार में बेगूसराय की सीट से सीपीआइ के चुनाव सिंबल पर मैदान में हैं। वहीं उनको टक्कर देने के लिए भाजपा ने नीतीश सरकार में मंत्री से मोदी लहर में सांसद बने गिरिराज सिंह को उतारा है। बता दें कि गिरिराज सिंह हिदुत्व का मुद्दा उठाने वाले भाजपा के फायर ब्रांड नेताओं में शामिल हैं।
वहीं महागठबंधन की ओर से इस सीट पर तनवीर हसन आरजेडी के सिंबल पर ताल ठोंक रहे हैं। 2014 में इस सीट से भाजपा के भोला सिंह चुनाव जीत कर संसद पहुंचे थे मगर 2018 के अक्टूबर में उनका निधन हो गया था। अब यहां कन्हैया कुमार अैर गिरिराज सिंह के बीच करीबी मुकाबला होने के कारण यह सीट देश की वीआइपी सीट में शामिल हो चुकी है।
बेगूसराय सीट पर लगा फिल्मी तड़का
बता दें कि कन्हैया कुमार के समर्थन में फिल्मी दुनिया के कई बड़े नाम उतर चुके हैं। यहां तक की उनके रोड शो में बॉलीवुड की फेमस अदाकारा स्वरा भास्कर उतरीं थी, जिन्हें देखने के लिए काफी भीड़ उमड़ी थी।
इसके अलावा फिल्मों में अपनी अलग छाप छोड़ने वाले प्रकाश राज भी उनके समर्थन में कई सभाएं कर रहे हैं। अपनी कलम से सबको दीवाना बनाने वाले जाने माने लेखक जावेद अख्तर और उनकी पत्नी शबाना आजमी भी कन्हैया कुमार के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।