दिग्विजय ने कहा-मुकाबले में कोई भी रहे, दमखम से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव और जीतेंगे
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जो हिंदुओं के नाम पर बिदकते थे वह आज हिंदू बन रहे हैं। मंदिर जा रहे हैं। पूजा-पाठ कर रहे हैं।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश में भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि मुकाबले में कोई भी रहे, वह पूरे दमखम और ताकत से चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। उन्होंने व्यापमं, नर्मदा में अवैध खनन, ई-टेंडरिंग, डंपर और पोषण आहार घोटालों का जिक्र किया और आरोप लगाया कि कई घोटालों में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजन शामिल हैं। उन्होंने शिवराज को सार्वजनिक मंच पर बहस की चुनौती भी दी। गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह को भोपाल से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से भाजपा मजबूत प्रत्याशी की तलाश में है। शिवराज सिंह के नाम पर भी कयास लगाए जा रहे हैं।
दिग्विजय गुरवार को पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथनी और करनी में फर्क है। दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन नोटबंदी के बाद देश में 27 हजार नौकरियां रोज कम हुईं। एक सवाल पर वह बोले कि मुझे बंटाधार कहते हैं, लेकिन खुद चुनौती से भागते हैं।
हालांकि, बटला हाउस, ओसामा और शहीद हेमंत करकरे संबंधी बयान से जुड़े सवालों को उन्होंने टाल दिया। वह बोले कि देश का 24 लाख करोड़ कालाधन विदेश में है। कालाधन तो नहीं आया, मगर नीरव मोदी, विजय माल्या और मेहुल चौकसी देश के बैंकों-गरीबों का हजारों करोड़ रपये लेकर भाग गए। राफेल के मुद्दे पर उन्होंने मोदी पर कई सवाल उठाए।
चुनौतियां स्वीकारना मेरा स्वभाव
एक प्रश्न के जवाब में दिग्विजय ने कहा कि मैं 16 साल बाद चुनाव लड़ रहा हूं। चुनौतियां स्वीकारना मेरा स्वभाव है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अमीरों और गरीबों के बीच खाई पैदा कर दी है। देश की आधी संपत्ति नौ अमीरों के पास सिमट गई। कांग्रेस यह आर्थिक खाई पाटने के लिए न्यूनतम आय गारंटी योजना लेकर आई है।
बाबूलाल गौर बोले- ढुलमुल हिंदू हैं दिग्विजय सिंह
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय सिंह को ढुलमुल हिंदू बताया है। उन्होंने कहा कि जब-जब चुनाव आते हैं, तब ही इन्हें मंदिर याद आते हैं। यदि वो (दिग्विजय सिंह) हिंदू हैं तो अयोध्या में राम मंदिर बनाने के समर्थन में क्यों खड़े नहीं होते। गौरतलब है कि गौर ने कुछ दिन पूर्व दिग्विजय को सलाह दी थी कि वह भोपाल से चुनाव लड़ने की सोचें भी नहीं। कमलनाथ सरकार में मंत्री आरिफ अकील द्वारा दिग्विजय को सबसे बड़ा हिंदूवादी बताने संबंधी बयान पर गौर ने कहा कि आरिफ कौन होते हैं हिंदुत्व का सर्टिफिकेट देने वाले।
जो हिंदू के नाम पर बिदकते थे, वे अब हिंदू बन रहे: शिवराज
गौर के बाद मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जो हिंदुओं के नाम पर बिदकते थे, वह आज हिंदू बन रहे हैं। मंदिर जा रहे हैं। पूजा-पाठ कर रहे हैं। चुनाव के समय राहुल, प्रियंका, दिग्विजय हिंदू बन रहे हैं। इन्हें चुनाव आते ही भगवान याद आते हैं या हिंदू।