Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, राजबब्बर, प्रिया दत्त सहित 21 को टिकट
यूपी के मुरादाबाद से राजबब्बर महाराष्ट्र के मुंबई नार्थ सेंट्रल से प्रिया दत्त कांग्रेस की उम्मीदवार होगी। इसके हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुई बहराइच (सुरक्षित) से सावित्रि बाई फुले को टिकट दिया गया है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करते हुए कई दिग्गजों को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। कांग्रेस की 21 उम्मीदवारों की इस दूसरी सूची में अकेले उत्तरप्रदेश के 15 उम्मीदवार शामिल हैं जबकि सुशील कुमार शिंदे सहित महाराष्ट के छह उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है।
उत्तरप्रदेश के दिग्गज उम्मीदवारों की सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर के साथ श्रीप्रकाश जायसवाल और अमेठी के राजा डॉ. संजय सिंह जैसे चेहरे शामिल हैं। जबकि पार्टी ने नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ किसान कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।
कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची के साथ लोकसभा चुनाव में उत्तरप्रदेश में अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने के इरादे फिर से जाहिर कर दिए हैं। कानपुर से पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल की उम्मीदवारी पर किसी तरह की दुविधा नहीं थी क्योंकि कांग्रेस इसे अपनी मजबूत सीटों में गिनती रही है।
हालांकि राज्यसभा सदस्य प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को मुरादाबाद से चुनाव मैदान में उतारकर पार्टी ने सूबे की सियासत में हलचल बढ़ाने की अपनी रणनीति का संकेत दिया है। इसी तरह सुल्तानपुर से संजय सिंह को इस बार चुनाव मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस की पुरानी नेता राजकुमारी रत्ना सिंह प्रतापगढ़ से फिर उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि पार्टी ने अपने युवा चेहरे ललितेश त्रिपाठी को मिर्जापुर से चुनाव में उतारा है।
भाजपा से हाल ही में शामिल हुईं सांसद सावित्री बाई फूले को कांग्रेस ने उम्मीद के अनुरूप उनकी मौजूदा सीट बहराइच सुरक्षित से उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया है। जबकि राकेश सचान फतेहपुर से चुनाव लडेंगे। इस दूसरी सूची के साथ कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश की अब तक 26 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए हैं। पार्टी की पहली लिस्ट में सोनिया और राहुल गांधी समेत1 11 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। उम्मीदवारों के ऐलान में इस दफा कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है और सत्ताधारी दल की पहली लिस्ट का अभी इंतजार है।
महाराष्ट में पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे का सोलापुर सीट से उतारा जाना भी साफ करता है कि कांग्रेस लोकसभा में अपनी सीटों की संख्या में इजाफे के लिए पुराने दिग्गजों पर दांव लगाने से परहेज नहीं करेगी। अभिनेता सुनील दत्त की बेटी पूर्व सांसद प्रिया दत्त को मुंबई उत्तर-मध्य सीट से उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने उनके चुनाव नहीं लडने की अटकलों पर भी विराम लगा दिया है। जबकि राहुल गांधी की टीम का हिस्सा माने जाने वाले पूर्व सांसद मिलिंद देवडा को दक्षिण मुंबई से टिकट दिया गया है।