गुजरात: कांग्रेस विधायक जवाहर चावड़ा का इस्तीफा, भाजपा में शामिल
Congress MLA Jawahar Chavda. गुजरात में कांग्रेस विधायक जवाहर चावड़ा पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए हैं।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायक जवाहर चावड़ा ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद चावड़ा सीधे भाजपा कार्यालय श्रीकमलम पहुंचे।
चावड़ा ने कहा कि जवानों पर आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक का समर्थन करने के लिए वे भाजपा में शामिल हुए हैं। जवाहर चावड़ा जूनागढ के माणावदर से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं, उनके भाजपा में शामिल होने से सौराष्ट्र में कांग्रेस को झटका लगा है।
अल्पेश समेत छह विधायक छोड़ सकते हैं कांग्रेस
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा गुजरात में कांग्रेस को तगड़ा झटका देने की तैयारी में है। चर्चा है कि उत्तर गुजरात के ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर समेत छह कांग्रेसी विधायक जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं। सौराष्ट्र के ओबीसी नेता कुंवरजी बावलिया की तरह अल्पेश को भी राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की अटकलें तेज हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया गुजरात यात्रा के बाद भाजपा ने 'मिशन 26' पर काम शुरू कर दिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व लोकसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर आदि पार्टी को और मजबूती देने में जुट गए हैं। करीब दो दशक बाद गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 76 विधायक जीते थे। इनमें से दो भाजपा में शामिल हो चुके हैं, जबकि एक को अवैध खनन मामले में अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद अयोग्य करार दिया जा चुका है। सूत्रों की मानें तो भाजपा की कोशिश है कि 1961 के बाद पहली बार गुजरात में 12 मार्च को होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से पहले ही उसे बड़ा झटका दिया जाए। गुजरात में उत्तर भारतीयों के खिलाफ आंदोलन चलाने वाले अल्पेश ठाकोर कांग्रेस आलाकमान की नजरों से उतर गए हैं। ऐसे में अल्पेश के अलावा उनके समर्थक विधायक चंदन सिंह ठाकोर, धवल सिंह झाला, पुरुषोत्तम साबरिया व सोमा पटेल आदि के भाजपा के संपर्क में होने की चर्चा है।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जल्द ही मंत्रिमंडल को भी विस्तार दे सकते हैं। नए मंत्रियों में ऊंझा की पूर्व विधायक डॉ. आशाबेन पटेल व राधनपुर से कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर के नाम की चर्चा है। गांधीनगर सचिवालय के स्वर्णिम संकुल में दो नए चैंबरों की साफ-सफाई कराए जाने से भी इस चर्चा को बल मिला।
अल्पेश शनिवार को खोलेंगे पत्ते
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलकर वापस गुजरात लौटे विधायक अल्पेश ठाकोर शनिवार सुबह पत्रकारों के समक्ष अपनी रणनीति बताएंगे। अल्पेश कांग्रेस पर लगातार लोकसभा चुनाव के टिकट का दबाव बना रहे हैं। चर्चा है कि अल्पेश अपने पिता खोडाजी ठाकोर या पत्नी के लिए लोकसभा का टिकट चाह रहे हैं, जबकि कांग्रेस उन्हें खुद पाटण से चुनाव लड़ाना चाह रही है। गुरुवार को अल्पेश के पांच विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़ने की अटकलें थी, लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ नहीं हुआ।
पटेल थाम सकते हैं कांग्रेस का दामन
हार्दिक पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं हैं। 12 मार्च को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में वे पार्टी में शामिल हो सकते हैं।