घर वापसी के लिए जुगत में कांग्रेस से निष्कासित नेता
congress dismissed leaders नामांकन पत्र दाखिल करने की अधिसचूना जारी होने से पहले कांग्रेस पार्टी से निष्कासित नेता अपनी बहाली को लेकर सक्रिय दिखने लगे हैं।
हमीरपुर, रणवीर ठाकुर। नामांकन पत्र दाखिल करने की अधिसचूना जारी होने से पहले कांग्रेस पार्टी से निष्कासित नेता अपनी बहाली को लेकर सक्रिय दिखने लगे हैं। विधानसभा चुनाव में पार्टी व नेताओं के खिलाफ काम करने पर कांग्रेस हाईकमान ने नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। अब लोकसभा चुनाव की गर्महाट के चलते निष्कासित नेता कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर की जीत को सुनिश्चित बनाने का हवाला देकर फिर से पार्टी में शामिल होने के लिए हाईकमान के पास जुगत भिड़ाने में जुट गए हैं। हमीरपुर जिला में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें भोरंज विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश महिला आयोग की पूर्व सदस्य प्रोमिला कुमारी को पार्टी ने सुक्खू के खिलाफ गांधी चौक पर हुई जनसभा के दौरान बयानबाजी करने पर बाहर कर दिया था।
ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के मुताबिक प्रोमिला कुमारी भोरंज के धमरोल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर के मंच पर दिखाई दी हैं। बड़सर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक मनजीत डोगरा भी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल के खिलाफ पार्टी विरोधी कार्य करने की शिकायत पर पार्टी से बाहर कर दिए गए थे। अब मनजीत डोगरा भी पार्टी में अपनी बहाली को लेकर हाथ-पांव मार रहे हैं। प्रोमिला देवी व मनजीत डोगरा का मामला कांग्रेस हाईकमान के पास विचाराधीन हैं। उधर, सदर विधानसभा क्षेत्र से कमल पठानिया ने कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप पठानिया के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इस पर हाईकमान ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। हमीरपुर विधानसभा से पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जुगल किशोर को पार्टी ने पहले ही बहाल कर दिया है।
सुजानपुर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप ङ्क्षसह बेदी को भी हाईकमान ने बहाल कर दिया है। पार्टी से निष्कासित विनोद ठाकुर अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। भोरंज से डॉ. रमेश डोगरा पहले ही कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए थे और घर वापसी का इरादा है। ऐसे में सभी नेता बहाली को लेकर सक्रिय हो गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि हाईकमान का क्या रुख होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर का कहना है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की बहाली का फैसला केवल हाईकमान ही ले सकता है। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर का कहना है कि पार्टी हर स्तर पर मंथन करने के बाद ही निष्कासितों की बहाली पर फैसला लेगी।