Lok Sabha Elections 2019: गुजरात के सीएम बोले, 55 साल में एक ही परिवार का हुआ विकास
Lok Sabha Elections 2019. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि देश में 55 साल में एक ही परिवार का विकास हुआ है।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भाजपा के विजय संकल्प सम्मेलन में कहा है कि देश में 55 साल में एक ही परिवार का विकास हुआ है। जातिवाद, वंशवाद, भाई-भतीजावाद व भ्रष्टाचार को पालने वाले विविध राजनीतिक दल मोदी हटाओ के नारे के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं।
रूपाणी ने कहा कि कांग्रेस के दस साल के शासन में घोटाले, हताशा, निराशा, अराजकता, आतंकी हमलों व पॉलिसी पैरालिसिस का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलवामा हमले के बाद कहा था कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। एयर स्ट्राइक कर वायुसेना ने आतंकवाद को पालने वाले पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। सेना को खुली छूट देने से देश की जनता में सुरक्षा का माहौल है। देश की जनता में अब सरकार के प्रति भरोसा जागा है। रूपाणी ने कहा कि भाजपा भारत को दुनिया में श्रेष्ठ राष्ट्र के रूप में स्थापित करने को कृत संकल्प है और मोदी की अगुवाई में देश प्रगति पथ पर है। आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। विश्व आज भारत को एक उभरती शक्ति व आर्थिक महासत्ता के रूप में देखता है।
कांग्रेस के शासन में गुजरात के साथ लगातार अन्याय किया गया। नर्मदा बांध के लिए मंजूरी देने में हमेशा कांग्रेस ने बाधाएं खड़ी की, जबकि मोदी ने सत्ता संभालते ही 17 दिनों में नर्मदा बांध की ऊंचाई बढ़ाने की मंजूरी दिला दी। केंद्र के पास जमा गुजरात की दस हजार करोड़ की क्रूड ऑयल रॉयल्टी मंजूर करा दी व दस हजार करोड़ रुपये अहमदाबाद से मुंबई के लिए बुलेट ट्रेन शुरू कराने के लिए मंजूर करा दिए।