Jharkhand : चुनाव आचार संहिता का दिखा असर, मुख्यमंत्री के स्वागत को सिर्फ जिला अध्यक्ष पहुंचे
Lok Sabha Polls 2019. चुनाव आचार संहिता की वजह से मुख्यमंत्री रघुवर दास बगैर तामझाम के सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सिर्फ भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया।
जमशेदपुर, जेएनएन। चुनाव आचार संहिता की वजह से झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास बगैर तामझाम के सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। रघुवर दास रांची से हेलीकाप्टर के जरिए सोनारी एयरपोर्ट पहुंचे। सीएम के आगमन पर चुनाव आचार संहिता का साफ असर दिखाई दे रहा था। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए पहले जैसी भीड़ नहीं थी। उनका स्वागत करने के लिए भाजपा के नगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ही पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री यहां सोमवार की शाम सोनारी के छत्तीसगढ़ी समाज के सालाना समारोह में शिरकत करेंगे। चुनाव का एलान होने से पहले जब भी मुख्यमंत्री आते थे तो एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं और नेताओं की काफी भीड़ जुटती थी। मुख्यमंत्री को गुलदस्ता देने की होड़ लगती थी। उपायुक्त और एसएसपी उनके इस्तकबाल के लिए पहुंचते थे। बाकायदा उन्हें सलामी दी जाती थी। इसके अलावा, भाजपा के कद्दावर नेताओं का भी जमावड़ा लगता था। लेकिन, सोमवार को दोपहर में जब सोनारी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर उतरा तो यहां सन्नाटा था। भाजपा के नगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने हाथ जोड़ कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से रवाना हो गए।