Lok Sabha Election 2019: छत्तीसगढ़ की छह सीटाें पर कांग्रेस कर सकती है उम्मीदवारों का एलान
दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मुख्यमंत्री व पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल व प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया शामिल होगें।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ की छह लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की घोषणा शुक्रवार को कर सकती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने दिल्ली में हैं। अभी कुछ देर पहले ही राहुल गांधी के तुगलक रोड स्थित बंगले पर बैठक शुरू हुई है। जिसमें सीएम बघेल के साथ प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी मौजूद हैं।
कांग्रेस ने अभी तक राज्य की 11 में से पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा पहली सूची में की है। इन्हीं सीटों पर गुरुवार को भाजपा ने भी अपने पत्ते खोले हैं। भाजपा ने अपने सांसदों के टिकट काट कर पार्टी में सक्रिय अन्य नेताओं को इन सीटों पर उतारा है। भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा में विलंब देख कांग्रेस पहली सूची घोषित करने के बाद ठिठक गई थी।
इधर भाजपा ने पहले ही सपष्ट संकेत दे दिया था कि वह अपने सभी 10 सांसदों का टिकट काटेगी। भाजपा की बदली रणनीति के बाद कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन को लेकर फिर मंथन शुरू हुआ है। कांग्रेस के रणनीतिकार हर सीट का नफा नुकसान आंक कर भाजपा के संभावित चेहरों को देखते हुए ही दूसरी सूची जारी करेगी।
पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में नाम तय होने के बाद भी घोषणा एक दिन बाद शनिवार तक टाली भी जा सकती है। कांग्रेस व भाजपा ने अभी तक बस्तर, रायगढ़, सरगुजा, जांजगीर चांपा व कांकेर सीट पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। दोनों दलों को बची छह सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान करना बाकी रह गया है।