Hazaribag, Lok Sabha Election 2019: स्ट्रांग रूम में सिर्फ भाजपा का टेंट, बाकी सब नदारद
ईवीएम पर सवाल उठाने वाली पार्टियों में से एक कांग्रेस का यहां न तो कोई टेंट पंडाल नजर आया न ही पार्टी का कोई प्रतिनिधि ही व्यक्ति।
हजारीबाग, [विकास कुमार]। चुनाव परिणाम आने में महज अब दो दिन शेष बचे हैं। ऐसे में प्रत्याशियों से लेकर समर्थकों और आम लोगों के भी दिल की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के बाजार समिति मतगणना स्थल का नजारा भी बदला हुआ है। दिन के एक बजे जागरण की टीम जब पहुंची सुरक्षा में लगे जवानों ने रोक दिया। गेट पर इंट्री व पड़ताल के बाद ही अंदर प्रवेश की अनुमति मिली।
जब अंदर पहुंचे तो ईवीएम पर सवाल उठाने वाली पार्टियों में से एक कांग्रेस का यहां न तो कोई टेंट पंडाल नजर आया न ही पार्टी का कोई प्रतिनिधि ही व्यक्ति। फोन पर इस संबंध में जब कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देव कुमार राज से सवाल किया तो बोले यहां कोई रात में रुकता नहीं, हमलोग आते-जाते रहते हैं। आज भी दिन में गए थे। वहीं दूसरी ओर जीत के प्रति पहले से पूरी तरह आश्वत दिख रही भाजपा के मनोबल को एक्जिट पोल ने दोगुना कर दिया है।
दोपहर एक बजे भी स्ट्रांग रूम के पास छोटे से स्थान पर भाजपा की टीम बस इस पर चर्चा करती रही। अनुपम सिन्हा, अनिल सिन्हा, हिमांशु, रंजीत सिंह, आशीष सिंह ने दोपहर सत्तू का शर्बत बनाया फिर चर्चा प्रारंभ कर दी। अनुपम सिन्हा ने बताया कि इस बार आंकड़ा बिल्कुल 350 के पार जाएगा। बस देश में मोदी लहर है कोई दूसरा नहीं। उन्होंने कहा कि हमलोग चुनाव के अगले दिन से ही यहां डेरा जमाए हुए हैं।
रात में बारी-बारी से दो लोगों के रुकने की इजाजत है। गर्मी बहुत है इसलिए कूलर का भी इंतजाम है। खाना भी कार्यकर्ता ही लाते हैं। अब बस अब 23 की मतगणना का इंतजार है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप