LokSabha Election 2019: पूर्व कंद्रीय मंत्री प्रो. रीता वर्मा पर भाजपा कर सकती कार्रवाई
धनबाद लोकसभा के मीडिया प्रभारी वर्णवाल ने कहा कि महागठबंधन में आपस में ही इतने झगड़े हैं जिसे सुलझा नहीं पा रहे हैं। वहीं एनडीए मजबूत गठबंधन के रूप में उभरा है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद के वर्तमान सांसद और भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह के खिलाफ टिप्पणी को लेकर पार्टी पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रो. रीता वर्मा के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। धनबाद से चार बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाली प्रो. वर्मा ने कहा था-मोदी जरूरी हैं, पीएन मजबूरी हैं। इसे भाजपा ने गंभीरता से लिया है।भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने सोमवार को धनबाद स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्रवाई की बात कही।
वर्णवाल ने कहा कि उम्मीदवार पार्टी का होता है न कि व्यक्तिगत। उम्मीदवार का विरोध का मतलब पार्टी का विरोध हुआ। जिसे पार्टी ने प्रत्याशी बना दिया, सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का कर्तव्य है कि मिलजुलकर भारी मतों से उसे विजयी बनाएं। प्रो. रीता वर्मा को इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए। अगर कोई व्यक्तिगत रोष है तो उसे उचित प्लेटफार्म पर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान से पार्टी की छवि भी धूमिल होती है। यह गंभीर मसला है, प्रदेश नेतृत्व को इसकी जानकारी दी जाएगी। बता दें कि पूर्व सांसद प्रो. रीता वर्मा ने सांसद पीएन सिंह को बेकार उम्मीदवार बताते हुए कहा था कि पीएन सिंह मजबूरी है, मोदी जरूरी है।
धनबाद लोकसभा के मीडिया प्रभारी वर्णवाल ने कहा कि महागठबंधन में आपस में ही इतने झगड़े हैं जिसे सुलझा नहीं पा रहे हैं। वहीं एनडीए मजबूत गठबंधन के रूप में उभरा है। आजसू को हमने एक सीट देकर बड़े भाई का धर्म निभाया है। हम दोनों मिलकर झारखंड की सभी 14 सीटें जीतने जा रहे हैं।
बरनवाल ने कहा कि पशुपतिनाथ सिंह ने 2014 के चुनाव में लगभग तीन लाख मतों से कांग्रेस को हराकर विजय प्राप्त की थी। वहीं झारखंड में सबसे ज्यादा वोट करीब 5.43 लाख लाकर रिकॉर्ड बनाया था। इस बार जनता पांच लाख मतों से विपक्षी दल को हराएगी।
वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. रवि भट्ट ने कहा कि देश का चौकीदार मजबूत और निष्ठावान है। जमीन से अंतरिक्ष तक की चौकीदारी कर रहा है। विपक्ष के पास कोई भी मुद्दा नहीं है। दुख इस बात की है कि विपक्ष सैनिकों की शहादत पर भी सवाल उठा रहा है। मोदी सरकार पहली ऐसी सरकार है जिसने बीपीएल के रहन-सहन को सुधारा। आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन दिया। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, जिला मीडिया प्रभारी मिल्टन पार्थसारथी, सोशल मीडिया प्रदेश सह संयोजक विक्रांत उपाध्याय, पंकज सिन्हा मौजूद थे।