BJP Manifesto: आठ अप्रैल को आएगा भाजपा का घोषणापत्र, अमित शाह समेत सभी बड़े नेता रहेंगे मौजूद
भाजपा अपना घोषणापत्र लोकसभा चुनाव के पहले चरण 11 अप्रैल से महज तीन दिन पहले जारी करेगी। यह कांग्रेस का घोषणापत्र जारी होने के एक हफ्ते बाद होगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र संभवत: आठ अप्रैल सोमवार को जारी होगा। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में इसे जारी किए जाने की संभावना है।
भाजपा अपना घोषणापत्र लोकसभा चुनाव के पहले चरण 11 अप्रैल से महज तीन दिन पहले जारी करेगी। यह कांग्रेस का घोषणापत्र जारी होने के एक हफ्ते बाद होगा।
पार्टी के सूत्रों का कहना है कि भाजपा का संकल्प पत्र (घोषणापत्र) एक कार्यक्रम में आठ अप्रैल को जारी होगा। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी रहने की पूरी उम्मीद है।
पार्टी ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में 20 सदस्यीय घोषणापत्र तैयार करने के लिए कमेटी बनी है। इसमें केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली भी शामिल हैं। इस कमेटी की कई उप कमेटियां भी हैं, जो घोषणापत्र तैयार करने के लिए राजनाथ सिंह को इनपुट देती हैं। यह रिपोर्ट काफी पहले ही सिंह को सौंपी जा चुकी है।
इसके अलावा, भाजपा ने अपना घोषणापत्र तैयार करने के लिए आम नागरिकों के भी सुझाव लिए हैं। इसके लिए 300 से अधिक वीडियो रथ बनाए गए जो देश भर में भ्रमण कर अपने बक्सों में लोगों के सुझाव स्वीकार करते थे। इसके अलावा, पार्टी ने नागरिकों से सुझाव ई-मेल और राज्यों में हुई परामर्श सभाओं से भी लिए हैं।