Loksabha Election 2019 : आजमगढ़ बना सियासी समर का बड़ा केंद्र, जेपी नड्डा मोर्चे पर
जिले में आजमगढ़ और लालगंज जैसी दो लोकसभा सीटें होने की वजह से जिला अब सियासी समर का बड़ा केंद्र बन गया है।
आजमगढ़, जेएनएन। जिले में आजमगढ़ और लालगंज जैसी दो लोकसभा सीटें होने की वजह से जिला अब सियासी समर का बड़ा केंद्र बन गया है। इस वजह से सभी दलों की ओर से यहां पर जोर लगाया जा रहा है। आजमगढ़ से जहां सपा से अखिलेश यादव लड़ रहे हैं वहीं भाजपा ने भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव निरहुआ को मोर्चे पर उतारा है। वहीं दूसरी लोकसभा सीट लालगंज में भी कड़ी टक्क्र की स्थिति होने की वजह से भाजपा यहां से काफी सक्रियता के साथ मोर्चा ले रही है। इसी कड़ी में भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सोमवार को मोर्चे पर पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों से चुनाव की रणनीति पर परिचर्चा की।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रदेश में चौथे चरण का आज मतदान हो रहा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा 74 प्लस रहेगी। अमेठी, रायबरेली, आजमगढ समेत सभी सीट जीतेंगे। केन्द्रीय मंत्री भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की रणनीति तैयार करेंगे। यह बैठक बूथ लेबल पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पिछले दिनों वाराणसी में नामांकन के दौरान पीएम ने सभी पदाधिकारियों को पूर्वांचल में सक्रिय होने का निर्देश दिया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार जिले में यह आयोजन उसी कड़ी का हिस्सा है।