Lok Sabha Election 2019: चतरा में चकराई भाजपा, झारखंड की तीन सीटों पर संशय
Lok Sabha Election 2019. झारखंड के 10 प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद भी रांची चतरा व कोडरमा से उम्मीदवारों का एलान नहीं हो पाया। लक्ष्मण गिलुवा बोले जल्द होगी घोषणा।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में सबसे पहले प्रत्याशियों के नाम का एलान करने वाली भाजपा को शेष बची तीन सीटों रांची, कोडरमा और चतरा में उम्मीदवार घोषित करने में पसीने छूट रहे हैं। लगातार कवायद के बावजूद पार्टी इन सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर भाजपा उधेड़बुन में है। सर्वाधिक समस्या चतरा संसदीय सीट को लेकर प्रत्याशी घोषित करने में पेश आ रही है। इस सीट में प्रत्याशी चयन को लेकर प्रदेश भाजपा भी दो धड़ों में नजर आ रही है।
सोमवार को भी इसकी सुगबुगाहट थी कि देर रात तक प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया जाएगा लेकिन यह नहीं हो पाया। मंगलवार को भी दो प्रदेशों (उत्तर प्रदेश व पश्चिम बंगाल) के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने की, लेकिन झारखंड की बाकी बची तीन सीटों पर प्रत्याशियों का नाम उसमें शामिल नहीं था।
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा कहते हैं कि प्रदेश नेतृत्व ने केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट दे दी है, अब निर्णय वहां से ही लिया जाना है। जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा होगी। वे यह स्वीकारते हैं कि चतरा में अपेक्षाकृत दावेदारों की संख्या अधिक है। इस संसदीय सीट को लेकर दोबारा रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव समिति को भेजी गई है। बहरहाल, इन तीनों सीटों पर भाजपा के मौजूदा सांसद अपना टिकट बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं।
चतरा संसदीय सीट को लेकर वर्तमान संसद सुनील सिंह बनाम अन्य में मुकाबला है। यहां टिकट के दावेदार तो हैं ही, वर्तमान सांसद का टिकट कटवाने वाले भी अपने प्रयासों में जुटे हुए हैं। सुनील सिंह 'अपनोंÓ द्वारा बुने गए चक्रव्यूह को भेदने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। वहीं, कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी की उम्मीदवारी पर अब कोई संशय नहीं रह गया है। इसी शर्त पर उन्होंने राजद छोड़ भाजपा ज्वाइन की है।
यहां मौजूदा सांसद रवींद्र कुमार राय को बड़ा झटका लगना तय माना जा रहा है। रांची में वर्तमान सांसद रामटहल चौधरी पार्टी के स्तर से तय उम्र के मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। कडिय़ा मुंडा पहली ही सूची में खारिज किए जा चुके हैं, अब उनकी बारी है। रामटहल के खुद के तेवर भी बता रहे हैं कि उन्हें अब पार्टी से बहुत उम्मीद नहीं है। बताया जा रहा है कि रांची व कोडरमा सीट को लेकर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चतरा का पेंच सुलझते ही सीटों की घोषणा कर दी जाएगी।