लोकसभा चुनाव 2019 : भाजपा ने मप्र में नकुलनाथ के सामने कवरेती को उतारा
छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव में 72 वर्षीय कमलनाथ का सामना भाजपा के 44 वर्षीय विवेक (बंटी ) साहू करेंगे। लंबे समय बाद भाजपा ने यहां से चेहरा बदला है।
भोपाल [नईदुनिया स्टेट ब्यूरो]। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के तीन लोकसभा क्षेत्रों के टिकट घोषित किए। गैर आदिवासी सीट छिंदवाड़ा से पहली बार भाजपा ने आदिवासी चेहरा नथ्थन शाह कवरेती को मैदान में उतारा है। कवरेती पहले विधायक रह चुके हैं। छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
उधर, छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव में 72 वर्षीय कमलनाथ का सामना भाजपा के 44 वर्षीय विवेक (बंटी ) साहू करेंगे। लंबे समय बाद भाजपा ने यहां से चेहरा बदला है। पिछले कई चुनावों में चौधरी चंद्रभान सिंह को ही टिकट मिलता रहा है।
इसी तरह अनुसूचित जाति की लोकसभा सीट देवास से महेंद्र सोलंकी और ग्वालियर से महापौर विवेक शेजवलकर को प्रत्याशी बनाया गया है। प्रदेश की 29 में से भाजपा ने अब तक 21 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। प्रदेश में होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए सभी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है।
छिंदवाड़ा से बट्टी के कारण आदिवासी पर भरोसा जताया
छिंदवाड़ा सीट पर भाजपा ने गोंडवाना से विधायक रहे मनमोहन शाह बट्टी पर दांव लगाने की तैयारी की थी, लेकिन स्थानीय नेताओं के विरोध के चलते मामला रुक गया। यही वजह रही कि पार्टी ने बट्टी के बदले आदिवासी पूर्व विधायक नथ्थन को मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ के सामने उतारा है।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की सीट ग्वालियर से पार्टी ने महापौर विवेक शेजवलकर को प्रत्याशी बनाया है। शेजवलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीबी हैं। ग्वालियर से प्रत्याशी घोषित होने के बाद मुरैना सांसद अनूप मिश्रा को टिकट मिलने की संभावना अब खत्म हो गई है। देवास से भाजपा ने नए चेहरे महेंद्र सोलंकी को टिकट दिया है। सोलंकी फिलहाल सिविल जज के पद पर कार्यरत थे। वे भोपाल की जिला अदालत में सीनियर डिवीजन में नियुक्त थे। उन्होंने अपना इस्तीफा भेज दिया है, जो प्रक्रियाधीन है। वे मूलरूप से देवास के नरखेड़ी गांव के रहने वाले हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सोलंकी संघ से जुड़े रहे हैं।
सपाक्स ने मंडला, सीधी और टीकमगढ़ से तय किए नाम
सपाक्स पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए मंडला, सीधी और टीकमगढ़ से प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। भोपाल से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी मैदान में उतर सकते हैं। सपाक्स ने सीधी लोकसभा सीट से रामाधार गुप्ता, मंडला से राम प्रसाद परस्ते और टीकमगढ़ से राम नगर को टिकट दिया है। पार्टी ने प्रदेश की 15 संसदीय सीटों से प्रत्याशी उतारने का दावा किया था लेकिन अब उन्हीं क्षेत्रों से प्रत्याशी उतारे जाएंगे, जहां पार्टी मजबूत है। शेष सीटों पर सपाक्स उन प्रत्याशियों का समर्थन करेगी, जो पार्टी की विचारधारा से इत्तेफाक रखते हैं।
पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को विस्तार देने और पार्टी कोष को मजबूत करने पर भी बात हुई। वहीं, पार्टी ने 18 सांसदों के स्टिंग ऑपरेशन की क्लीपिंग लेकर मैदान में उतारने की तैयारी की है। पार्टी का कहना है कि सांसदों के कारनामे उजागर हो गए हैं। फिर भी संबंधित पार्टियों और चुनाव आयोग ने कोई संज्ञान नहीं लिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने जनता से अपील की है कि ऐसे लोगों को वोट देने की बजाय नोटा पर वोट डाल दो।