Lok Sabha Election 2019 :भाजपा की डबल इंजन सरकार ने डबल लूटा : हेमंत सोरेन
Lok Sabha Election 2019.झामुमो नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह चुनाव आदिवासियों के अस्तित्व और लोकतंत्र को बचाने के लिए है।
राजनगर, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के राजनगर ब्लॉक मैदान में झामुमो नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह चुनाव आदिवासियों के अस्तित्व और लोकतंत्र को बचाने के लिए है। इसलिए महागठबंधन को भारी मतों से जीताकर भाजपा को उखाड़ फेंके। हेमंत राजनगर में सिंहभूम से कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
हेमंत ने कहा भाजपा ने सत्ता में आते ही सीएनटी एसपीटी एक्ट, भूमि अधिग्रहण कानून को छेड़छाड़ की कोशिश की। विपक्ष ने सड़क से सदन तक जोरदार विरोध किया। इस कारण उसे पीछे हटना पड़ा। भाजपा लैंड बैंक बनाकर आदिवासियों-मूलवासियों की जमीन उद्योगपतियों को देने की फिराक में है। यदि फिर से भाजपा जीत गई तो आदिवासियों का अस्तित्व नहीं बचेगा।
हेमंत ने पूछा कि लोग भाजपा को क्यों वोट दें? सीएनटी एसपीटी एक्ट को खत्म करने के लिए, नोटबंदी व कठिन जीएसटी के लिए या आदिवासियों के वनाधिकार कानून को खत्म कर उन्हें जंगल से बेदखल करने के लिए। पांच साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया तो अब राष्ट्रवाद और देशभक्ति के नाम पर वोट मांगा जा रहा है। हेमंत ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने डबल लूट की। डोभा बना सिर्फ लूट के लिए। मछली पालन हुआ न खेती। बेरोजगारी चरम पर है। पारा टीचर, आंगनबाड़ी सेविका और रसोइया को वेतन नहीं मिल रहा। पुलिस कर्मियों को 13 माह का वेतन देने का झुनझुना दिखाया जा रहा। नोटबंदी के बाद 550 नौजवानों को फर्जी नक्सलवादी बताकर के नाम पर सरेंडर कराया।
हेमंत ने कहा कि कर्मचारियों व किसानों को देने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं है। लेकिन चेहरा चमकाने के लिए हजारों करोड़ विज्ञापन में बहाने के लिए है। पेट खाली है और शौचालय बनवाया जा रहा है। अनाज नहीं है और गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।
जमशेदपुर के प्रत्याशी चम्पई सोरेन ने कहा कि भाजपा आदिवासी मूलवासियों को खत्म करना चाहती है। 15 हजार स्कूलों को बंद कराया, ताकि हमारे बच्चे अनपढ़ ही रहें। यहां बाहरियों को नौकरी दी जा रही है। यहां के युवा बेरोजगार हैं। महागठबंधन की सरकार बनी तो बंद स्कूलों को फिर से खोले जाएंगे।
प्रत्याशी गीता कोड़ा ने कहा कि पिछली बार जनता ने एक आयोग्य उम्मीदवार को चुना था। वह पांच साल में एकबार भी जनता का दर्द जानने नहीं आया। किसानों के खेत में पानी नहीं। मां-बहन सुरक्षित नहीं। 56 प्रतिशत सीट खाली है और नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं।
वरिष्ठ कांग्रेसी केपी सोरेन ने कहा कि यह चुनाव हमारा भविष्य संवारेगा। जल जंगल जमीन हमारी सम्पति है। इससे छेड़छाड़ बर्दास्त नहीं होगी। भाजपा की सिर्फ इसी पर नजर है। जो जनता के सुख दुख में साथ देगा उन्हीं को जिताएं। गीता कोड़ा हमेशा आपके बीच रहेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप