Lok Sabha Election 2019: ओडिशा में चार चरण में चुनाव पर बीजद ने उठाया सवाल
Lok Sabha Election 2019 बीजद के प्रवक्ता अमर पटनायक ने ओडिशा में चार चरणों में चुनाव कराने को लेकर सवाल उठाया है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने राज्य में चार चरणों में चुनाव कराने को लेकर सवाल उठाया है। ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी पर निशाना साधते हुए बीजद के प्रवक्ता अमर पटनायक ने कहा कि चुनाव आयोग का यह फैसला समझ से परे है।
कुल 21 लोकसभा और 147 विधानसभा की सीटों पर राज्य में चुनाव होना है। पटनायक ने मुख्य चुनाव अधिकारी पर भाजपा के प्रभाव में आकर चुनाव कार्यक्रम आयोग को भेजने का आरोप लगाया। पटनायक ने आंध्र प्रदेश और गुजरात में चुनाव कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों से तो ओडिशा छोटा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया गया है। इससे पहले यहां चुनाव दो चरणों में हुए थे। ऐसे में चार चरणों में चुनाव कराना किसी की भी समझ से परे हो सकता है। बीजद नेता ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग की ओर से दिया गया चुनाव कार्यक्रम भाजपा को फायदा पहुचाने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव बने डॉ. गोपबंधु दास
अवकाश प्राप्त प्रशासक डॉ. गोपबंधु दास को मुख्यमंत्री सह बीजू जनता दल प्रमुख नवीन पटनायक का राजनीतिक सचिव नियुक्त किया गया है। यह जानकारी बीजू जनता दल के महासचिव विजय नायक ने विज्ञप्ति के जरिए दी है।