प्रदेश में 70 सीटें जीतेगा सपा-बसपा गठबंधन : आजम खां
पूर्व मंत्री आजम खां ने सपा कार्यालय पर मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामपुर में प्रशासन के चार अधिकारी माहौल खराब करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
रामपुर । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन इतना मजबूत है कि कम से कम 70 सीटों पर चुनाव जीतेगा। इस गठबंधन को लेकर भाजपा की हवा खराब है। रामपुर में जिला प्रशासन भाजपा की हवा बनाने के लिए दंगा कराने की साजिश कर रहा है, लेकिन यहां की जनता किसी भी हाल में प्रशासन की साजिशों को कामयाब नहीं होने देगी।
पूर्व मंत्री आजम खां ने सपा कार्यालय पर मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामपुर में प्रशासन के चार अधिकारी माहौल खराब करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। समाज के दुश्मन हैं ये अधिकारी। शहर में होली के मौके पर अक्सा मस्जिद पर जो घटना हुई है, यह भी प्रशासन की साजिश का नतीजा है। पुलिस ने भी शर्मनाक काम किया है, क्योंकि घटना के समय पुलिस वहां मौजूद थी। पुलिस वाले भी देख रहे हैं कि इन चार अफसरों का क्या रोल है? पहले उर्दू गेट और जौहर यूनिवर्सिटी की दीवार तोड़कर माहौल खराब करने की कोशिश की। इसके बाद रामपुर पब्लिक स्कूल के बच्चों को बाहर निकाल कर माहौल खराब करने की साजिश रची। सपा रामपुर से अपने प्रत्याशी की घोषणा क्यों नहीं कर पा रही है? के सवाल पर बोले, यहां सपा इकाई तो चुनाव का बहिष्कार कर चुकी है, क्योंकि इन प्रशासनिक अधिकारियों के रहते निष्पक्ष चुनाव की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। हाईकमान जिसे चाहेगा प्रत्याशी बनाएगा।