Lok Sabha Election 2019: आम आदमी पार्टी झारखंड में नहीं लड़ेगी लोकसभा चुनाव
Lok Sabha Election 2019. जमशेदपुर में अपने प्रत्याशी दिनेश महतो को निलंबित करने के बाद पार्टी ने अब विधानसभा चुनाव पर फोकस करने का निर्णय लिया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - आम आदमी पार्टी (आप) झारखंड में लोकसभा चुनाव-2019 नहीं लड़ेगी। पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक में इसपर सहमति बन गई है। पार्टी का पूरा ध्यान विधानसभा चुनाव पर है। इस बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ उतरने की तैयारी में है और इसके लिए अभी से ही तैयारियां शुरू हो चुकी है।
पार्टी के प्रदेश सचिव राजन कुमार सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी हमेशा ही भ्रष्टाचार के विरोध में खड़ी रही है। लोकसभा चुनाव-2019 में आप ने जमशेदपुर से एक प्रत्याशी दिनेश महतो को उतारा था, लेकिन उनपर भ्रष्टाचार का आरोप लगा तो उन्हें पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया। इसके बाद ही पार्टी के शीर्ष नेताओं ने निर्णय लिया कि लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में उतारे गए आप के प्रत्याशी दिनेश महतो का एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें उनपर 50 लाख रुपये में दूसरी पार्टी के हाथों बिकने का आरोप लगा था। इसके बाद ही दिनेश महतो को पार्टी से निलंबित कर दिया गया था और उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई थी।