मिशन 2019: महागठबंधन में ऑल इज नॉट वेल, मांझी की धमकी- बर्दाश्त नहीं अपमान
बिहार के विपक्षी महागठबंधन में आगामी लोकसभा चुनाव की सीट शेयरिंग को लेकर जिच कायम है। हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने कहा है कि उन्हें केवल एक सीट ऑफर किया जा रहा है।
पटना [जेएनएन]। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने महागठबंधन में अपमान का बड़ा आरोप लगाया है। सोमवार को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद मांझी ने कहा कि पहले सम्मान देकर महागठबंधन में बुलाया, फिर अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे सीटों के मसले पर जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करेंगे। धमकी देते हुए कहा कि यदि वहां भी बात नहीं बनी तो अगला कदम उठाएंगे।
विदित हो कि जीतनराम मांझी ने पहले महागठबंधन में 20 सीटों की मांग रखी थी। अब वे कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और विकासशील इंसान पार्टी से अधिक सीटें मांग रहे हैं। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे के साथ ही चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
एक सीट ऑफर कर किया जा रहा अपमानित
'हम' प्रमुख जीतनराम मांझी ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद कहा कि पिछले उपचुनाव में महागठबंधन की जीत उनकी वजह से हुई है, लेकिन आज उन्हें एक सीट देने की बात कर अपमानित किया जा रहा है।
बात नहीं मानी तो ले सकते कोई भी फैसला
उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस, राष्ट्रीय समता पार्टी और विकासशील इंसान पार्टी से कम सीटें कतई मंजूर नहीं। इन दलों से उन्हें कम से कम एक सीट ज्यादा चाहिए होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी यही फैसला है। कार्यकारिणी ने उन्हें किसी भी प्रकार के फैसले के लिए अधिकृत कर दिया है। मांझी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के संबंध में जल्द ही फैसला ले लिया जाएगा।
पुलवामा के शहीदों के प्रति प्रकट की संवेदना
पुलवामा में आतंकी हमले पर मांझी ने शहीद सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व सम्मान व्यक्त किए। उत्तर प्रदेश एक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद के इस बयान को दुखद बताया कि सेना में लोग मरने के लिए भर्ती होते हैं। कहा कि ऐसे बयान देने वाले नेताओं पर पीएम मोदी को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सैनिकों के पार्थिव शरीर के पटना लाने वाले हेलिकॉप्टर खराब थे।