Loksabha Election 2019 : सुभासपा के खिलाफ राजभर संगठन ने उतारे 17 उम्मीदवार
घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद हरिनारायन राजभर चूंकि अखिल भारतीय राजभर संगठन के संरक्षक हैं इसलिए उनके चुनाव लड़ने पर संगठन उनके खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगा।
मऊ, जेएनएन। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के 39 प्रत्याशियों के खिलाफ गुरुवार को अखिल भारतीय राजभर संगठन, सुहेलदेव जनता पार्टी एवं फूलन सेना ने संयुक्त स्थाई मोर्चा बनाते हुए प्रदेश के 17 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दिया। अखिल भारतीय राजभर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव रामकृष्ण भारद्वाज ने प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए कहा है कि संयुक्त स्थाई मोर्चा केवल घोसी सीट पर ही अपना उम्मीदवार बदलेगा, वह भी तब जब भाजपा हरिनारायन राजभर को अपना उम्मीदवार बनाएगी।
रामकृष्ण का कहना है कि घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद हरिनारायन राजभर चूंकि अखिल भारतीय राजभर संगठन के संरक्षक हैं, इसलिए उनके चुनाव लड़ने पर संगठन उनके खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगा। वहीं, यदि भाजपा से सांसद हरिनारायन चुनाव नहीं लड़ते हैं तो घोसी से रामदरश राजभर मोर्चा के उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा चंदौली से उमेश राजभर, आजमगढ़ से हरीश राजभर, सलेमपुर से राजाराम राजभर, देवरिया से अशोक राजभर, संतकबीर नगर से शैलेश कुमार राजभर, गोरखपुर से विनोद राजभर, बलिया से गंगासागर निषाद, कुशीनगर से जयनाथ राजभर, भदोही से रामदीन निषाद, मछली शहर से राकेश चौधरी, अंबेडकर नगर से जगदीश राजभर, श्रावस्ती से मलेहू राजभर, बस्ती से अंबिका राजभर, सिद्धार्थनगर से ओरी राजभर, गोंडा से राजकुमार राजभर तथा जौनपुर से डा.संजीवन बिंद स्थाई मोर्चा के प्रत्याशी होंगे।
संगठन की ओर से ‘योगी-मोदी से बैर नहीं, ओमप्रकाश तुम्हारी खैर नहीं’ का नारा दिया गया है। प्रत्याशियों की सूची पर सुहेलदेव जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतलाल राजभर, फूलन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल निषाद, अखिल भारतीय राजभर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष लालचंद राजभर ने भी अपने हस्ताक्षर किए हैं।