Lohardaga Jharkhand Election Result 2019: लोहरदगा में कांग्रेस से रामेश्वर उरांव 30150 वोटों से जीते
Lohardaga Jharkhand Election Result 2019. लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने भाजपा प्रत्याशी सुखदेव भगत को हराया।
रांची, जेएनएन। Lohardaga Jharkhand Election Result 2019 लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रामेश्वर उरांव ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के सुखदेव भगत को 30150 मतों से हरा दिया है। सुखदेव भगत को 44230 वोट मिले जबकि कांग्रेस के रामेश्वर उरांव को 74380 वोट प्राप्त हुए। लोहरदगा विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी ने खुद अपना ही जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी को साल 2015 के विधानसभा उपचुनाव में 23228 वोट की बड़ी जीत हासिल हुई थी। तब कांग्रेस पार्टी के टिकट पर सुखदेव भगत चुनाव जीते थे। उन्होंने आजसू की प्रत्याशी नीरू शांति भगत को इस चुनाव में मात दी थी।
यहां बता दें कि इस चुनाव से ठीक पूर्व सुखदेव भगत ने भाजपा का दामन थामा था और चुनाव मैदान में उतरे थे। जीत के बाद आतिशबाजी और मिठाई बांट कर जीत की खुशियां मनाई गई। कांग्रेस के विजेता प्रत्याशी रामेश्वर उरांव ने कहा कि वह आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी के विकास को लेकर काम करेंगे। एक जनप्रतिनिधि का जो दायित्व होता है, वह उसमें खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। यहां के बेरोजगारों को नौकरी, किसानों को उनकी समस्याओं से मुक्ति सहित तमाम ङ्क्षबदुओं को लेकर काम करना ही कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य है। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस-भाजपा और आजसू को छोड़कर 8 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। आजसू प्रत्याशी निरू शांति भगत को 39916 वोट मिले।